|

एचआरटीसी की दिल्ली-केलांग-लेह बस सेवा का 26 मई से आगाज, ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू

Himgiri Samachar:

शिमला, 24 मई। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में लंबे सर्दियों के मौसम और भारी बर्फबारी के बाद अब दिल्ली से लेह जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर आई है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) 26 मई से दिल्ली-केलांग-लेह बस सेवा फिर से शुरू करने जा रहा है। यह बस सेवा सर्दियों के दौरान बर्फबारी और मार्ग बंद होने के कारण बंद कर दी गई थी।


एचआरटीसी केलांग के क्षेत्रीय प्रबंधक अंशित शर्मा ने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लाहौल-स्पीति द्वारा केलांग-लेह मार्ग को सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। इसके बाद सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और अब एचआरटीसी ने बस सेवा दोबारा शुरू करने का फैसला लिया है।


यह बस सेवा राष्ट्रीय राजमार्ग-03 से होकर गुजरेगी और रास्ते में कई प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ेगी। यात्रा के दौरान बस जिस्पा, दारचा, जिंगजिंग बार, बारालाचा ला, भरतपुर, सरचू, गाटा लूप्स, नकी ला पास, तंगलंग ला, रुम्तसे और उपशी जैसे इलाकों से होकर लेह पहुंचेगी। हर साल गर्मियों के मौसम में यह रूट देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहता है।


एचआरटीसी के मुताबिक दिल्ली से लेह तक की कुल दूरी करीब 990 किलोमीटर है और इस यात्रा का किराया 1839 रुपये तय किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था भी एचआरटीसी के पोर्टल पर उपलब्ध करवाई गई है।


निर्धारित समय के अनुसार बस दिल्ली से दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर रवाना होगी। इसके बाद बस अंबाला कैंट शाम 3 बजकर 50 मिनट, चंडीगढ़ शाम 6 बजकर 20 मिनट, मंडी रात 10 बजकर 55 मिनट, कुल्लू रात 1 बजकर 30 मिनट और मनाली रात 2 बजकर 30 मिनट पहुंचेगी। अगली सुबह 5 बजकर 30 मिनट पर बस केलांग पहुंचेगी और इसके बाद अगले दिन शाम 7 बजे लेह पहुंचेगी।


वापसी यात्रा में बस लेह से सुबह 3 बजकर 30 मिनट पर रवाना होगी और शाम 4 बजकर 30 मिनट पर केलांग पहुंचेगी।


क्षेत्रीय प्रबंधक अंशित शर्मा ने बताया कि एचआरटीसी केलांग ने चंडीगढ़ बस सेवा का संचालन भी फिर से शुरू कर दिया है। यह बस शाम 5 बजकर 30 मिनट पर रवाना होगी।


एचआरटीसी प्रबंधन ने पर्यटकों और आम लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और मार्ग की स्थिति की जानकारी जरूर लें और निगम द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।



RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment