|

हिमाचल प्रदेश में ईवीएम की सुरक्षा पर सियासी घमासान, कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने

Himgiri Samachar:HP-Election--evm-security--Bjp-Congress--conflict

शिमला, 21 नवम्बर। हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में बंपर वोटिंग के बाद ईवीएम की सुरक्षा के मुद्दे पर सियासी घमासान मचा है। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता कई हल्कों के स्ट्रांग रूमों के बाहर तंबू गाड़कर दिन-रात पहरा से रहे हैं। घुमारवीं, धर्मपुर विधानसभा, नाचन, पांवटा साहिब और गगरेट विधानसभा क्षेत्रों में ईवीएम की सुरक्षा को लेकर कांग्रेसियों ने स्ट्रांग रूम्स के बाहर तंबुओं में सीसीटीवी कैमरे तक इंस्टाल कर दिए हैं। कांग्रेस ने ईवीएम में गड़बड़ी के अंदेशे से यह कदम उठाया है।

 

 

 

दूसरी तरफ भाजपा ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है और आदर्श चुनाव संहिता के उलंघन का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से शिकायत करने का निर्णय लिया है।

 

 

 

भाजपा नेता गणेश दत्त ने कहा कि कांग्रेस ने स्ट्रांग रूम के 200 मीटर के दायरे के अंदर ही तंम्बू गाढ़ रखे हैं जो चुनाव आयोग के नियमो की सीधी सीधी अवहेलना है,जिसके खिलाफ भाजपा चुनाव आयोग में शिकायत की जाएगी।

 

 

 

गणेश दत्त ने सोमवार को शिमला में कहा कि कांग्रेस को हार का डर सता रहा है जिसके चलते अब वो हमेशा की तरह ईवीएम पर सवाल उठाने लगी है।

 

 

 

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी हार से बौखलाकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को कठघरे में रख रही है।

 

 

 

उधर, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा है कि जो घटना रामपुर के दत्तनगर में हुई है, उसके बाद कांग्रेस के कार्यकर्ता को आशंका है कि ईवीएम की सुरक्षा में गड़बड़ी हो सकती है। इसलिए कार्यकर्ता सुरक्षा को लेकर अपने अपने क्षेत्र में पहरा दे रहे हैं। उन्होंने सवाल दगा कि भाजपा इससे क्यों असुरक्षित महसूस कर रहीं है। सुरक्षा सभी दलों के लिए है इसमें भाजपा को क्या दिक्कत है। यदि भाजपा के मन मे कोई चोर नहीं तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सुरक्षा देने पर क्यों सवाल उठा रहे हैं।

 

 

 

बता दें कि हिमाचल प्रदेश की 68 विस सीटों पर 12 नवम्बर को 75.60 फीसदी वोटिंग हुई थी। वोटों की गिनती 08 दिसम्बर को होगी। ईवीएम को सभी विधानसभा क्षेत्रों में बनाए गए स्ट्रांग रूमों में रखा गया है। स्ट्रांग रूमों में सुरक्षा की दृष्टि से केंद्रीय पुलिस व प्रदेश पुलिस के जवान तैनात हैं। इसके अलावा हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

 

 

 

निर्वाचन आयोग की माने तो त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में बंद ईवीएम पर परिंदा भी पर नहीं मार सकता है। मतगणना वाले दिन तक ईवीएम स्ट्रॉंग रूम में कड़ी सुरक्षा में रहेंगी। सुरक्षा के मद्देनजर एक स्ट्रॉंग रूम के बाहर 50 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। चुनाव पर्यवेक्षक और निर्वाचन अधिकारी भी लगातार सुरक्षा व्यवस्था जांचने के लिए औचक निरीक्षण कर रहे हैं।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment