शिमला, 19 मई। हिमाचल प्रदेश में मई महीने की गर्मी अब पहाड़ों तक महसूस होने लगी है। राज्य के मैदानी और निचले इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं शिमला, मनाली और कल्पा जैसे ठंडे शहरों में भी रातें सामान्य से ज्यादा गर्म हो गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश में मौसम साफ बना है और निचले इलाकों में सुबह से ही तेज धूप निकली। हालात ऐसे रहे कि कई जगहों पर सुबह 10 बजे तक लोगों के लिए घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों में गर्मी का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
बीते 24 घंटों में सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 6 डिग्री तक ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान भी औसतन 2.2 डिग्री अधिक दर्ज हुआ है, जिससे रातों की गर्मी भी बढ़ गई है।
राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.9 डिग्री ज्यादा है। कल्पा में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री ऊपर दर्ज किया गया। मनाली में रात का तापमान 13.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक है। इन आंकड़ों से साफ है कि पहाड़ों के ठंडे इलाकों में भी इस बार असामान्य गर्मी महसूस की जा रही है।
अन्य शहरों में सुंदरनगर का न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री, भुंतर 17 डिग्री, धर्मशाला 18.2 डिग्री, ऊना 21.4 डिग्री, नाहन 20.1 डिग्री, केलांग 7.3 डिग्री, पालमपुर 22.5 डिग्री, सोलन 17.4 डिग्री, कांगड़ा 21.4 डिग्री, मंडी 21.1 डिग्री, बिलासपुर 22.5 डिग्री, चंबा 18.7 डिग्री, जुब्बड़हट्टी 23.4 डिग्री, कुकुमसेरी 6.1 डिग्री, सेओबाग 15 डिग्री, बरठीं 18.9 डिग्री, पांवटा साहिब 25 डिग्री, सराहन 12.2 डिग्री, देहरा गोपीपुर 23 डिग्री, तबो 10.2 डिग्री और नेरी 25.3 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने 25 मई तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 19 और 20 मई को राज्य में मौसम मुख्यतः साफ रहेगा और केवल कुछ स्थानों पर हल्की गतिविधियां हो सकती हैं। 21 और 22 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 23 से 25 मई तक भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।