|

विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़ के लिए भाजपा को वोट दें : मोदी

Himgiri Samachar:

धमतरी, 23 अप्रैल। लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए मंगलवार को धमतरी पहुंचे प्रधानमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने ग्राम श्यामतराई में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 19 अप्रैल को छत्तीसगढ के बस्तर में हुए प्रथम चरण के मतदान ने साफ कर दिया कि लोगों की सिर्फ भाजपा पर विश्वास है। विरोधी आपस में लड़ रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब भी सत्ता में रही, देश का विकास नहीं हुआ। कांग्रेस अपना भ्रष्टाचार छुपाने के लिए हिंसा करवाती है। कांग्रेस अपनी तिजोरी भरती रही। मैं गारंटी देता हूं नक्सल जड़ से समाप्त करके रहूंगा। कांग्रेस सरकार में एक रुपये चलता था तो लोगों को 15 पैसा मिलता था। मोदी ने सबसे पहले लूट की दुकान पर ताला लगा दिया। छत्तीसगढ़ में जनधन के पौने दो करोड़ खाते खोले गए। 34 लाख करोड़ मिला। जो हकदार है उसके खाते में सीधे पहुंचाए। किसानों के खाते में तीन लाख करोड़ भिजवाए। यदि कांग्रेस सरकार रहती तो ढाई लाख करोड़ पंजा मार लेता। कांग्रेस गरीब से विश्वासघात करती है। कांग्रेस ने 60 साल तक राज किया लेकिन गरीब के बच्चों की सुध नहीं ली। आज लाखों परिवार के पास मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा है। छोटे किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि मिल रही है। हमारी सरकार ने तीन हजार एमएसपी, दो साल का बोनस देने का काम किया। तेंदू पत्ता संग्राहकों की मांग भाजपा पूर्ण कर रही है। महतारी वंदन योजना की राशि खाते में आ रही है। आज भाजपा सरकार में आदिवासी बेटी राष्ट्रपति है। मुख्यमंत्री आदिवासी हैं।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस की वजह से ही इतनी बड़ी आबादी पिछड़ी और वंचित रह गई। कांग्रेस ने ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा नहीं दिया, मेडिकल की परीक्षाओं में ओबीसी आरक्षण तक नहीं दिया। मोदी ने कहा कि कांग्रेस जब भी सत्ता में रही है, उसने विकास को पटरी से उतारने का ही काम किया है। कांग्रेस जहां-जहां सरकार में रही, हिंसा और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया।

 

मोदी ने कहा कि मेरे लिए नहीं आपके सपने को पूरा करने के लिए वादा चाहिए। मेरा पल-पल आपके लिए है। इस चुनाव में केवल आपको एक सांसद नहीं चुनना है, आपका उज्ज्वल भविष्य चुनना है। आपकी आने वाली पीढ़ियों को बेहतर दिन देने का चुनाव है। भाजपा को दिया आपका वोट विकसित भारत बनाएगा, ये मोदी की गारंटी है।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव भी उपस्थित रहे। इसके अलावा रायपुर लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल , कांकेर लोकसभा क्षेत्र प्रत्याशी भोजराम नाग तथा महासमुंद लोकसभा क्षेत्र प्रत्याशी रूप कुमारी चौधरी सहित अन्य उपस्थित रहे।

 

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment