|

हिमाचल की दो फोरलेन परियोजनाओं को लेकर नितिन गडकरी से मिले सांसद सिकंदर कुमार

Himgiri Samachar:

शिमला, 25 अगस्त। हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से लंबित दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को जल्द आगे बढ़ाने की मांग उठी है। राज्यसभा सांसद और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. (डॉ.) सिकंदर कुमार ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर नादौन-होशियारपुर और कोहली-भगेड़ फोरलेन खंड की बची हुई औपचारिकताएं जल्द पूरी करने और निर्माण कार्य शुरू करवाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र और इसके आसपास के क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होगा और आर्थिक-सामाजिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

 

सांसद ने इस संदर्भ में नितिन गडकरी को सौंपे एक ज्ञापन में नादौन से पंजाब सीमा यानी होशियारपुर तक प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग की एलाइनमेंट को जल्द अंतिम मंजूरी देने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि इस मार्ग की एलाइनमेंट लगभग तय हो चुकी है। करीब तीन महीने पहले नादौन के पास दर्ज आपत्तियों का निवारण कर संशोधित रिपोर्ट मंत्रालय को भेजी जा चुकी है। उस समय 15 दिनों के भीतर एलाइनमेंट को अंतिम मंजूरी देने का आश्वासन मिला था, लेकिन फाइल अभी मंत्रालय में लंबित है और आधिकारिक पोर्टल पर भी इसकी स्थिति अपडेट नहीं हुई है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से संबंधित अधिकारियों को जल्द मंजूरी देने और पोर्टल पर स्थिति अपडेट करने के निर्देश देने का आग्रह किया है।

 

सांसद के अनुसार करीब 40 किलोमीटर लंबा यह मार्ग हमीरपुर क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। इससे हमीरपुर को चंडीगढ़ और दिल्ली से कम दूरी के मार्ग से जोड़ने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही पालमपुर, जोगिंद्रनगर, सरकाघाट और संधोल की ओर जाने वाले यातायात के लिए भी यह मार्ग महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिमला-मटौर फोरलेन के अन्य पैकेजों पर काम आगे बढ़ रहा है, लेकिन नादौन-होशियारपुर खंड की तीन अलग-अलग विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होने के बावजूद अंतिम निर्णय लंबित है। उन्होंने तीनों डीपीआर में से सबसे बेहतर और व्यावहारिक एलाइनमेंट का जल्द चयन कर परियोजना को मंजूरी देने का आग्रह किया है।

 

डॉ. सिकंदर कुमार ने कोहली-भगेड़ फोरलेन खंड को भी जल्द आगे बढ़ाने का आग्रह किया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में देश में सड़क और आधारभूत ढांचे के विस्तार की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि हिमाचल की दोनों परियोजनाओं को मंत्रालय से प्राथमिकता मिलेगी। उन्होंने शेष औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने की अपील की है।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment