|

प्रधानमंत्री का मंगलवार को गुजरात और महाराष्ट्र दौरा, 35 हजार करोड़ से अधिक की सौगात देंगे

Himgiri Samachar:

नई दिल्ली, 07 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह गुजरात के वडोदरा में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। इसके बाद मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) 2026 का उद्घाटन करेंगे और सभा को संबोधित करेंगे।

 

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री 8 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे वडोदरा में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। इनमें पश्चिमी समर्पित माल गलियारे (डब्ल्यूडीएफसी) के तीन महत्वपूर्ण खंडों का राष्ट्र को समर्पण प्रमुख है। इन 326 किलोमीटर लंबे खंडों के निर्माण पर 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है। इनमें साणंद (उत्तर)-मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-जेएनपीटी खंड शामिल हैं।

 

इन खंडों के शुरू होने के साथ ही समर्पित माल गलियारा नेटवर्क अपनी पूरी लंबाई में परिचालन के लिए तैयार हो जाएगा। जेएनपीए से सीधी रेल कनेक्टिविटी से आयात-निर्यात माल की तेज आवाजाही संभव होगी। इससे औद्योगिक केंद्रों और बंदरगाहों के बीच संपर्क मजबूत होने, लॉजिस्टिक्स लागत घटने और मुंबई के रेल नेटवर्क पर दबाव कम होने की उम्मीद है।

 

प्रधानमंत्री न्यू साणंद (उत्तर), न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव और न्यू जेएनपीटी, मुंबई से मालगाड़ी सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा वडोदरा से टांडा रोड के बीच नई ट्रेन सेवा को भी रवाना करेंगे, जिससे वडोदरा, छोटा उदयपुर और अलीराजपुर जिलों के लोगों को लाभ मिलेगा।

 

प्रधानमंत्री छोटा उदयपुर-धार परियोजना के तहत निर्मित जोबाट-टांडा रोड नई रेल लाइन को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह रेल लाइन अलीराजपुर के दूरदराज और आदिवासी क्षेत्रों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ेगी।

 

प्रधानमंत्री 329 किलोमीटर लंबी और 9,700 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली तीन रेल परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें वडोदरा-रतलाम तीसरी और चौथी रेल लाइन, मियागाम करजन-चोरंदा-मलसार आमान परिवर्तन तथा विश्वामित्री-डभोई दोहरीकरण परियोजना शामिल हैं। इन परियोजनाओं से यात्री और माल परिवहन क्षमता बढ़ाने, रेल मार्गों पर भीड़ कम करने तथा गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच संपर्क मजबूत करने में मदद मिलेगी।

 

प्रधानमंत्री करीब 1,780 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें एनएच-48 के कामरेज-चलथान खंड को छह लेन का बनाना, वडोदरा-सूरत खंड पर तापी और नर्मदा नदियों पर प्रमुख पुलों समेत अतिरिक्त ढांचों का निर्माण तथा एनएच-53 पर अभावा, मिंडहोला और खजोड़ जंक्शन पर ग्रेड सेपरेटेड संरचनाओं का निर्माण शामिल है।

 

इसके अलावा, प्रधानमंत्री एनएच-48 के वडोदरा-सूरत सेक्शन पर सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने और ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित जगहों) की समस्या को दूर करने के लिए कंडारी चौकड़ी और लुवारा पाटिया पर छह-लेन वाले फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे।

 

इसके अलावा प्रधानमंत्री गुजरात सरकार की करीब 2,600 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इनमें वडोदरा शहरी विकास प्राधिकरण रिंग रोड फेज-2, कडाना बांध में 110 मेगावाट की फ्लोटिंग सोलर परियोजना और वडोदरा नगर निगम के नए कार्यालय भवन जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास परियोजनाओं तथा पूर्वी वडोदरा के 11 गांवों के लिए जलापूर्ति परियोजना का भी उद्घाटन किया जाएगा।

 

प्रधानमंत्री शाम करीब 5:45 बजे मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) 2026 का उद्घाटन करेंगे और सभा को संबोधित करेंगे। दुनिया के प्रमुख और प्रभावशाली वार्षिक फिनटेक सम्मेलनों में शामिल जीएफएफ का सातवां संस्करण 8 से 11 सितंबर तक मुंबई में आयोजित किया जा रहा है।

 

वर्ष 2020 से जीएफएफ नीति-निर्माताओं, नियामकों, केंद्रीय बैंकों, वित्तीय संस्थानों, फिनटेक कंपनियों, प्रौद्योगिकी कंपनियों, निवेशकों और शिक्षाविदों सहित वैश्विक हितधारकों को एक मंच पर लाने वाला अंतरराष्ट्रीय विचार-विमर्श मंच बन गया है।

 

इस वर्ष सम्मेलन की थीम पोटेंशियल टू इम्पैक्ट: एजेंटिक एआई, टोकनाइज़ेशन, क्वांटम-समावेशी फाइनेंस के लिए भरोसेमंद, कनेक्टेड और ग्लोबल सिस्टम है। सम्मेलन में एजेंटिक एआई, प्रोग्रामेबल फाइनेंस, टोकनाइजेशन और क्वांटम तकनीक जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों के जरिए विश्व स्तर पर भरोसेमंद, समावेशी और प्रभावी वित्तीय व्यवस्था विकसित करने पर चर्चा होगी।

 

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment