शिमला, 27 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश में इस साल अप्रैल के आखिरी दिनों में ही गर्मी ने जून जैसी तीव्रता दिखानी शुरू कर दी है। निचले और मैदानी इलाकों में लू जैसी स्थिति बन गई है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर चला गया है। राज्य के ऊना में सोमवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री ज्यादा बना हुआ है। इससे दिन के साथ-साथ रातें भी असामान्य रूप से गर्म हो गई हैं।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सुंदरनगर और नाहन में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री, कांगड़ा में 36.7 डिग्री, मंडी और बरठीं में 36 डिग्री, भुंतर में 34.4 डिग्री दर्ज किया गया। पहाड़ी इलाकों में भी गर्मी का असर साफ दिख रहा है। शिमला में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री और मनाली में 27.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से लगभग 4 डिग्री ज्यादा है। जनजातीय क्षेत्रों में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जहां कल्पा में 23.9 डिग्री और ताबो में 21.6 डिग्री अधिकतम तापमान रहा।
दिन के साथ रातों में भी गर्मी बढ़ी है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही। न्यूनतम तापमान के आंकड़े बताते हैं कि पांवटा साहिब और देहरा गोपीपुर में रात का तापमान 22 डिग्री तक पहुंच गया। इसके बाद ऊना में 18.6 डिग्री, धर्मशाला में 18.5, कांगड़ा में 17.9, शिमला और नाहन में 16.8, मंडी में 16.6, पालमपुर में 16.5, सुंदरनगर में 15.5, सोलन में 13.8, भुंतर में 12.1, सराहन में 11.9, सेओबाग में 10.7, मनाली में 10.3, कल्पा में 8.6, ताबो में 6.9 और कुकुमसेरी में 6.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि रात के तापमान में गिरावट नहीं हो रही है और गर्मी का असर लगातार बना हुआ है।
हालांकि राहत की उम्मीद अब मौसम के बदलते रुख से जुड़ी है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अप्रैल के लिए कई जिलों में खराब मौसम का ओरेंज अलर्ट जारी किया है। 28 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का ओरेंज अलर्ट है, जबकि ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 29 अप्रैल को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में ओरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, सोलन और सिरमौर में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि इन दिनों एक सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण मौसम में अचानक बदलाव आएगा। 30 अप्रैल को भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं का येलो अलर्ट रहेगा। इसके बाद 1 और 2 मई को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 3 मई को फिर से कुछ इलाकों में आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।