|

हिमाचल के पर्यटन स्थलों शिमला और कुफरी की रातें मैदानों से गर्म

Himgiri Samachar:Weather--HP

 शिमला, 29 नवम्बर। हिमाचल प्रदेश में गुनगुनी धूप खिलने से दिन में मौसम सुहावना बना हुआ है। हालांकि रात के समय कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। दिचलस्प बात यह है कि ठंडे रहने वाले पर्यटन स्थलों कुफरी और शिमला की रातें मैदानी इलाको से गर्म हैं। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक शिमला और कुफरी में रात का पारा हमीरपुर, उना, सोलन, सुंदरनगर और मंडी जैसे मैदानी क्षेत्रों से अधिक दर्ज किया जा रहा है। ऐसे मे इन विख्यात पर्यटन स्थलों की रातें मैदानों की तुलना में गर्म बनी हुई हैं।

सोमवार की रात शिमला और कुफरी में न्यूनतम तापमान क्र्रमशः 7.6 डिग्री और 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मैदानी क्षेत्रों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें, तो सुंदरनगर में 2.7 डिग्री, मंडी में 4.6 डिग्री, हमीरपुर में 5.7 डिग्री सेल्सियस और उना में 6.6 डिग्री, दर्ज किया गया। शिमला से सटे सोलन में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तो मनाली में 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

 

लाहौल-स्पीति जिला का मुख्यालय केलांग -4.8 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थल रहा। इसके अलावा कुकुमसेरी में -4.1 डिग्री, कल्पामें 1.8 डिग्री, भुंतर में 2.7 डिग्री, नारकंडा में 4.2 डिग्री, कोटखाई में 4.3 डिग्री और रिकांगपिओ व मंडी में 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ है। सुंदरनगर, बिलासपुर और मंडी में लोगों को सुबह के समय घने कोहरे का सामना करना पड़ रहा है। लाहौल-स्पीति समेत अन्य जनजातीय क्षेत्रों किन्नौर, पांगी और भरमौर में तापमान के माइनस में चले जाने से झीलें, झरने और प्राकृतिक जलस्त्रोतों का पानी बर्फ में तबदील हो चुका है।

मौसम विभाग ने आगामी तीन दिसंबर तक राज्य भर में बारिश-बर्फबारी की संभावना से इंकार किया है।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment