|

मुख्यमंत्री सुक्खू के सरकारी आवास ओकओवर में मनी होली, प्रतिभा और विक्रमादित्य सिंह हुए शामिल

Himgiri Samachar:

शिमला, 25 मार्च। हिमाचल प्रदेश में रंगों का त्यौहार होली सोमवार को धूमधाम व हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। लोगों ने एक-दूसरे पर रंग-गुलाल लगाकर होली मनाई। जगह-जगह सामुहिक होली कार्यक्रमों का भी आयोजन हो रहा है। इस दौरान राजनेता भी होली के रंग में रंगे नजर आए।

 

 

 

राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने सरकारी आवास ओकओवर में लोगों संग होली मनाई। उन्होंने प्रदेशवासियों को होली पर्व की शुभकामनाएं दी। खास बात यह रही कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उनके बेटे व सुक्खू सरकार में कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी होली के उपलक्ष्य पर ओकओवर पहुंचे और मुख्यमंत्री के संग होली खेली। मुख्यमंत्री सुक्खू और कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने होली के जश्न में नृत्य भी किये। कैबिनेट मंत्री हर्षवर्धन चौहान और बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता भी इस दौरान मौजूद रहे।

 

 

 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश वासियों को होली की शुभकामनाएं दीं और प्रदेश के विकास के लिए सभी के सहयोग की बात कही। उन्होंने लोकसभा चुनावों में प्रदेश की चार सीटों पर कांग्रेस की जीत का भी दावा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस जल्द सभी सीट पर उम्मीदवारों का एलान करेगी। प्रतिभा सिंह और विक्रमादित्य सिंह ने भी राज्य के लोगों को होली की बधाई दी

 

 

 

उधर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला स्थित अपने आवास में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ होली मनाई।

 

 

 

बता दें कि मुख्यमंत्री सुक्खू और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के बीच छतीस का आंकड़ा है। प्रतिभा सिंह कई मौकों पर मुख्यमंत्री पर निशाना साध चुकी हैं। पिछले दिनों उन्होंने मुख्यमंत्री पर संगठन के कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए मंडी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया था। प्रतिभा सिंह ने यहां तक कह दिया था कि वर्तमान हालात में प्रदेश में कांग्रेस के लिए लोकसभा चुनाव जीतना आसान नहीं है। प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह ने पिछले माह राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के छह विधायकों की क्रॉस वोटिंग के घटनाक्रम के बाद मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने मुख्यमंत्री पर उनके विभागों में हस्तक्षेप करने और अपमानित करने का आरोप लगाया था। हालांकि बाद में कांग्रेस पर्यवेक्षकों के समझाने के बाद विक्रमादित्य सिंह ने अपना इस्तीफा वापिस ले लिया था। वह सुक्खू सरकार में लोकनिर्माण और शहरी विकास विभाग के मंत्री हैं।

 

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment