शिमला, 01 जून। हिमाचल प्रदेश में जून के महीने में भी बर्फ़ गिर रही है। राजधानी शिमला और मैदानी इलाकों में बीती रात हुई बारिश के बाद जहां रविवार को मौसम साफ बना हुआ है वहीं मनाली और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मनाली की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी से पहाड़ों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है।
राज्य की उच्च पर्वत श्रंखलाओं पर हो रही बर्फ़बारी से जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के केलंग, कुकुमसेरी और ताबो जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आई है। केलंग में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो प्रदेश में सबसे कम है। ताबो और कुकुमसेरी में भी न्यूनतम तापमान क्रमशः 5.7 व 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि पर्यटक स्थल मनाली में पारा 12.1 डिग्री तक गिरा। राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया है।
चम्बा में भी आज तड़के वर्षा हुई, जबकि किन्नौर में हल्के बादल छाए रहे। बीते 24 घंटों के भीतर चम्बा जिला के भरमौर में सबसे अधिक 14 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पांवटा साहिब में 12 मिमी, जतोन बेरेज, चम्बा और कसौली में 7-7 मिमी, चौपाल और जोत में 6-6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में तेज आंधी भी चली। बरठीं, नेरी, बिलासपुर, सियोबाग, धोलोकुआं, कुकुमसेरी और ताबो जैसे इलाकों में आंधी चलने से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने पांच जून तक राज्य के विभिन्न भागों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज यानी एक जून व कल दो जून कैबराज्य के अधिकांश क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहेंगे, साथ ही कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। तीन व चार जून को अपेक्षाकृत अधिक व्यापक रूप से बादल छाए रहेंगे, बिजली चमकने व तेज हवाओं (40-50 किमी प्रति घंटा) के साथ बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। पांच जून को दोबारा बारिश व तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की संभावना है और इस दिन भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि छह व सात जून को मौसम सामान्य रहेगा। इन दिनों प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है जबकि येलो अलर्ट समाप्त हो जाएगा।
मौसम के तेवरों को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। इस मौसम में आसमानी बिजली गिरने की घटनाएं सामने आती हैं। बिजली गिरने और आंधी के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न रहने की हिदायत दी गई है।