नई दिल्ली, 23 जून। चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (आआपा) को दो और भाजपा, कांग्रेस एवं तृणमूल कांग्रेस को एक-एक सीट पर जीत मिली है। गुजरात की दो, केरल, पंजाब और पश्चिम बंगाल की एक-एक सीट पर 19 जून को वोटिंग हुई थी।
निर्वाचन आयोग के मुताबिक, गुजरात की विसावदर सीट पर आआपा के इटालिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार किरीट पटेल को 17,554 मतों से हराया। इटालिया को 75,942 और पटेल को 58,388 मत मिले। वहीं, कडी (सुरक्षित) सीट पर भाजपा के राजेंद्र कुमार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के रमेशभाई चावड़ा को 39,452 मतों से पराजित किया। राजेंद्र कुमार को 99,742 और चावड़ा को 60,290 मत मिले।
केरल की नीलांबूर विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार आर्यादन शौकत ने माकपा उम्मीदवार एम. स्वराज को 11,077 मतों से शिकस्त दी। आर्यादन शौकत को 77,737 और एम. स्वराज को 66,660 मत मिले। निर्दलीय उम्मीदवार पीवी अन्वर तीसरे स्थान पर रहे। उनको कुल 19,760 मत मिले।
पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट से तृणमूल कांग्रेस की अलीफा अहमद ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार आशीष घोष को 50,049 मतों से हराया। अलीफा अहमद को 1,02,759 और आशीष घोष को 52,710 मत मिले। कांग्रेस उम्मीदवार काबिल उद्दीन शेख तीसरे स्थान पर रहे। उनको कुल 28,348 मत मिले।
पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट पर आम आदमी पार्टी के संजीव अरोड़ा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार भरत भूषण आशु को 10,637 मतों से हराया। संजीव अरोड़ा को 35,179 और भरत भूषण को 24,542 मत मिले। भाजपा उम्मीदवार जीवन गुप्ता तीसरे स्थान पर रहे। उनको कुल 20,323 मत मिले।