|

डॉ. सन्नी शुक्ला बने हिमाचल भाजयुमो के नए अध्यक्ष

Himgiri Samachar:

शिमला, 20 अगस्त। हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का नया अध्यक्ष डॉ. सन्नी शुक्ला को बनाया गया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बुधवार को उनकी नियुक्ति की घोषणा की। उनसे पहले तिलक राज शर्मा यह जिम्मेदारी संभाल रहे थे। डॉ. सन्नी शुक्ला लंबे समय से छात्र राजनीति और संगठनात्मक कार्यों से जुड़े रहे हैं।

 

हमीरपुर जिले के खगल गांव से ताल्लुक रखने वाले डॉ. सन्नी शुक्ला ने अपनी शुरुआती शिक्षा सरकारी कॉलेज हमीरपुर से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से उच्च शिक्षा हासिल की। पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने विश्वविद्यालय की दीनदयाल उपाध्याय चेयर से पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की। शिक्षा के साथ-साथ वे लगातार छात्र राजनीति में सक्रिय रहे और संगठन को मजबूत करने में योगदान दिया।

 

डॉ. शुक्ला का छात्र जीवन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़ा रहा। वे एचपीयू शिमला में एबीवीपी के कैंपस सचिव और अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे। इसके अलावा उन्होंने बिलासपुर जिला, एचपीयू शिमला, शिमला विभाग और रामपुर विभाग में संगठन मंत्री के रूप में भी काम किया। सात वर्षों तक उन्होंने एबीवीपी के फुल टाइमर के रूप में संगठन को समय दिया और युवाओं को जोड़ने का काम किया।

 

संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ वे पिछले आठ वर्षों से हिमाचल छात्र कल्याण संघ के संयोजक के रूप में सक्रिय रहे हैं। इस दौरान उन्होंने छात्र हितों से जुड़े कई कार्यक्रमों का आयोजन किया। उनकी सक्रियता के कारण कई बार छात्र हित और जनहित से जुड़े मुद्दे अदालत तक भी पहुंचे। भारतीय जनता युवा मोर्चा में भी उनकी सक्रियता लगातार बनी रही। वे पहले प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रहे और पिछले दो वर्षों से प्रदेश महामंत्री के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे थे।

 

संगठन में उनकी स्वीकार्यता और कार्यकुशलता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें प्रदेश भाजयुमो अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment