|

मुख्यमंत्री के आत्मनिर्भर हिमाचल के दावे खोखले: जयराम ठाकुर

Himgiri Samachar:

शिमला, 14 जून। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर आत्मनिर्भरता और विकास की राह में बाधा बनने का आरोप लगाया है। शनिवार काे शिमला से जारी बयान में उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार न तो स्वयं जनहित में कुछ कर रही है और न ही लोगों को कुछ करने दे रही है। पूर्व भाजपा सरकार की जनहितकारी योजनाओं को रोककर जनता को परेशानी में डाला जा रहा है।

 

जयराम ठाकुर ने विशेष रूप से हिमाचल पुष्प क्रांति योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने इस योजना का बजट रोक दिया है, जिससे फूलों की खेती करने वाले किसान संकट में हैं। उन्होंने बताया कि यह योजना 2018 में शुरू की गई थी, जिसके तहत पॉलीहाउस, पॉलीटनल, पंखे व पैड पर 85% तक सब्सिडी दी जाती थी। इसके अलावा फूलों के परिवहन शुल्क में भी भारी छूट दी गई थी। मात्र चार वर्षों में 1700 से अधिक किसानों ने इसका लाभ उठाया, जिससे उनकी वार्षिक आय में 8 से 12 लाख रुपये तक की बढ़ोतरी हुई और पलायन भी रुका।

 

ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार ने इस महत्वाकांक्षी योजना को घोषित या अघोषित रूप से बंद कर दिया है, जिससे आत्मनिर्भर हिमाचल का दावा खोखला साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुष्प खेती जैसे क्षेत्रों में हिमाचल के पास अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें नकारा जा रहा है।

 

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि यह रवैया केवल एक योजना तक सीमित नहीं है। सुक्खू सरकार ने पूर्ववर्ती सरकार की प्राकृतिक खेती, स्वालंबन, सहारा, शगुन और हिम केयर जैसी योजनाओं को भी बजट से वंचित कर निष्क्रिय कर दिया है। ये योजनाएं न केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता बल्कि आम लोगों के जीवन से भी जुड़ी थीं।

 

उन्होंने कहा कि राजनीतिक द्वेष के कारण जनहित को ताक पर रखा जा रहा है और आम जनता इसकी भारी कीमत चुका रही है।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment