|

शव लेकर जा रहा वाहन आधी रात खाई में गिरा, 4 की मौत, 9 घायल

Himgiri Samachar:

नाहन, 12 अगस्त। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सिरमौर जिले के संगड़ाह क्षेत्र में मंगलवार मध्यरात्रि एक परिवार के लिए अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल से एक व्यक्ति का शव लेकर गांव लौट रहे लोगों से भरी बोलेरो कैंपर गतलोग के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक समेत नौ लोग घायल हुए हैं। सभी मृतक नौहराधार तहसील के अरलू  गांव के रहने वाले थे।  मृतकों की पहचान राजेंद्र (37) पुत्र नूपा राम ,  देस राज (23) पुत्र प्रेम सिंह, रिखी राम (58) पुत्र जागर सिंह और राम गोपाल (62) पुत्र गंगा राम के रूप में हुई है। हादसा आधी रात को गतलोग के पास हुआ।

 

जानकारी अनुसार 11 अगस्त को सुनिल शर्मा अपने ताऊ जगदीश शर्मा को लेकर संगड़ाह अस्पताल पहुंचे थे। जगदीश शर्मा को दिल का दौरा पड़ा था। अस्पताल में चिकित्सा अधिकारी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सुनिल शर्मा और उनके साथ आए लोगों ने जगदीश शर्मा के शव को गांव अरलू ले जाने के लिए बोलेरो कैंपर किराये पर ली। वाहन का नंबर HP 79-4595 है और इसे कपिल देव चला रहा था।


पुलिस को दिए बयान में सुनिल शर्मा ने बताया कि जब वाहन गांव चिनाड के पास पहुंचा तो अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिवार और गांव के कुछ अन्य लोग भी इसमें सवार हो गए। इसके बाद सभी लोग जगदीश शर्मा का शव लेकर गांव अरलू की ओर रवाना हुए। वाहन गतलोग के पास पहुंचा तो चालक कपिल देव वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद बोलेरो कैंपर सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी।


हादसा इतना गंभीर था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में राजेंद्र, देस राज, रिखी राम और राम गोपाल ने दम तोड़ दिया। हादसे में बृज मोहन (62) पुत्र कंठी राम निवासी चिनाड, कृपा राम (61) पुत्र गंगा राम निवासी चिनाड, देवेन्द्र सिंह (44) पुत्र हेम चंद निवासी चिनाड, सुनिल शर्मा (21) पुत्र राम स्वरूप निवासी चिनाड, राम स्वरूप (44) पुत्र दलीप सिंह निवासी अरलू, जय प्रकाश (45) पुत्र दया राम निवासी चिनाड, संदीप (21) पुत्र कमल निवासी अरलू, कमलेन्द्र (48) पुत्र रामानन्द निवासी चिनाड और वाहन चालक कपिल देव (39) पुत्र वीरेंद्र निवासी डूंगी, डाकघर लाना पालर, तहसील संगड़ाह घायल हुए हैं।


संगड़ाह अस्पताल में घायलों का उपचार किया गया। पुलिस के अनुसार कमलेन्द्र, संदीप, राम स्वरूप और वाहन चालक कपिल देव को गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सा अधिकारी ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया है। अन्य घायलों का उपचार संगड़ाह अस्पताल में चल रहा है।


सिरमौर पुलिस के एक अधिकारी ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी पूरी जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शवों का पोस्टमार्टम सीएचसी संगड़ाह में करवाया जा रहा है।


यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब हिमाचल प्रदेश में मानसून के दौरान सड़क हादसों और अन्य दुर्घटनाओं में लगातार लोगों की जान जा रही है। 30 जून से शुरू हुए मौजूदा मानसून सीजन में अब तक सड़क हादसों में इस दुर्घटना को मिलाकर 97 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें सबसे ज्यादा 16-16 मौतें चंबा और सिरमौर जिलों में हुई हैं। बारिश के दौरान पहाड़ी सड़कों पर फिसलन, खराब मौसम और कई जगहों पर सड़क की स्थिति वाहन चालकों के लिए लगातार चुनौती बनी हुई है।


RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment