|

बिलासपुर के औहर में 33.75 करोड़ रुपये से बनेगा पर्यटन परिसर

Himgiri Samachar:

शिमला, 14 जुलाई। बिलासपुर जिला के औहर में 33.75 करोड़ रुपये से एक नए पर्यटन परिसर का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को इसकी आधारशिला रखी। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस परिसर में होटल ब्लॉक, फूड कोर्ट और मनोरंजन क्षेत्र शमिल होंगे। इस परियोजना का कार्य दो वर्ष के भीतर पूरा होने की सम्भावना है।

 

मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस परिसर के होटल में स्वागत व प्रतीक्षा क्षेत्र, 60 लोगों की क्षमता वाला रेस्टोरेंट, 30 लोगों की क्षमता वाला कांफ्रैंस कक्ष, 400 लोगों के लिए धाम हॉल, 300 लोगों की क्षमता वाला बेंक्वेट हॉल तथा आराम कक्ष, रसोई व शौचालय की सुविधाएं होंगी। होटल में 40 अतिथि कक्ष और फूड कोर्ट जिसमें 214 लोगों के भोजन की व्यवस्था के लिए 8 स्टॉल, एक पिकअप क्षेत्र, महिलाओं व पुरूषों के लिए शौचालय तथा बच्चों के खेलने का क्षेत्र सहित ग्रीन एरिया की सुविधा भी होगी।

 

उन्होंने कहा कि मनोरंजन क्षेत्र में स्वीमिंग पूल, जिम व स्पा, पेंटरी, स्टोर, बैक ऑफिस और धरातल में शौचालय सुविधा होगी। पहली मंजिल में पूल इण्डोर खेल कक्ष, लॉबी क्षेत्र, चार मसाज कक्ष और अतिरिक्त शौचालय की सुविधा होगी। इसके अलावा, इस परिसर में 50 केएलडी क्षमता वाला मल निकासी संयंत्र भी प्रस्तावित है और परिसर में हरी घास, रॉयल पाम वृक्ष तथा स्ंिप्रकलर प्रणाली भी विकसित की जाएगी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण यह नया परिसर पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगा। उन्होंने पर्यटक परिसर को गोबिंदसागर झील में जल क्रीड़ा गतिविधियों के साथ जोड़ने के निर्देश दिए ताकि आगुंतकों का भरपूर मनोरंजन हो और इस क्षेत्र में पर्यटकों की आमद में वृद्धि हो सके।

 

उन्होंने कहा कि परिसर का दूसरा चरण सड़क की विपरीत दिशा में बनाया जाएगा और दोनों खण्ड आपस में जुड़ें होंगे। इस चरण में बच्चों के लिए एक मनोरंजन पार्क, एक फूड कोर्ट और अन्य आवश्यक सुविधाएं होंगी। इस पूरी परियोजना पर 150 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment