|

मुख्यमंत्री ने हमीरपुर के लिए 35 इलेक्ट्रिक बसों को रवाना किया

Himgiri Samachar:

हमीरपुर, 14 अगस्त। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को हमीरपुर जिला के परिवहन निगम के विभिन्न डिपुओं के लिए 35 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश को हरित ऊर्जा राज्य बनाने और प्रदेश के बहुमूल्य पर्यावरण के संरक्षण की दिशा में सरकार ई-वाहनों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहन दे रही है। प्रदेश सरकार ने हाल ही में परिवहन निगम के बेड़े में 297 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कृषि उप-निदेशक कार्यालय परिसर में 8.64 करोड़ रुपये की लागत से बनी अत्याधुनिक एसआरटी लैब, हमीरपुर डिग्री कॉलेज में 1.50 करोड़ रुपये की सीबीटी लैब और डिग्री कालेज में 70 टैब्ज वाली लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। उन्होंने डिग्री कालेज में 9 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले छात्राओं के आवास का भी शिलान्यास और जिला पुस्तकालय में किताबी कॉर्नर का उद्घाटन भी किया।

 

इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश फसल विविधिकरण प्रोत्साहन परियोजना चरण-2 के अंतर्गत 3.05 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न उठाऊ सिंचाई योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें नादौन क्षेत्र की 57 लाख रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ सिंचाई योजना बसोल, 39 लाख रुपये की उठाऊ सिंचाई योजना जसोह, 47 लाख रुपये की उठाऊ सिंचाई योजना खटरोड, सुजानपुर क्षेत्र की 43 लाख रुपये की उठाऊ सिंचाई योजना घराट, हमीरपुर क्षेत्र की 46 लाख रुपये की उठाऊ सिंचाई योजना डखोल तथा बड़सर क्षेत्र मेें लाख रुपये की उठाऊ सिंचाई योजना थौन शामिल हैं। इन योजनाओं से लगभग 320 किसान परिवार लाभान्वित होंगे।

 

मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से 5 करोड़ रुपये की लागत से सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा में बने हॉस्टल का भी उद्घाटन किया।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment