|

चंबा में मूसलाधार बारिश और फ्लैश फ्लड से तबाही, खाई में गिरी कार से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

Himgiri Samachar:
शिमला, 28 जुलाई। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मूसलाधार बारिश और एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। जिले में रात भर मूसलाधार बारिश के कारण कई जगह फ्लैश फ्लड जैसे हालात बन गए। घरों और दुकानों में पानी व मलबा घुस गया, सड़कें बंद हो गईं और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इसी बीच पठानकोट-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार गहरी खाई में गिर गई, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 

माह का बच्चा भी शामिल है।


सोमवार रात चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर परेल नामक स्थान पर नाले में अचानक भारी पानी आने से कई वाहन उसकी चपेट में आ गए। कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचा, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। भारी मलबा और पानी आने से राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। प्रशासन ने सड़क खोलने के लिए मशीनें मौके पर भेज दी हैं और बहाली का काम जारी है।


भारी बारिश का सबसे अधिक असर चंबा शहर के सुल्तानपुर मोहल्ले में देखने को मिला। कई घरों और दुकानों में पानी और मलबा घुस गया, जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। रात में हालात इतने बिगड़ गए कि कई परिवारों ने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर जान बचाई। कई लोगों ने पूरी रात जागकर बिताई। कुछ मकानों पर बड़े पत्थर गिर गए और सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं।


बारिश के कारण पक्काटाला-चंबा संपर्क मार्ग पर डंगा (रिटेनिंग वॉल) गिर गया। इसके चलते पास स्थित स्कूल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों का जायजा ले रहा है।


उधर, डलहौजी उपमंडल के लाहड़ क्षेत्र में चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक अल्टो कार 400 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई। एसपी विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस ने शवों को खाई से निकालकर कब्जे में लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान चालक बचन सिंह (60) पुत्र नारायण सिंह, उनके पुत्र रिपन कुमार (30), रिपन की पत्नी रिम्पी (26), कीर्ति (23) पुतरु केसर सिंह और एक 3 माह के बच्चे के रूप में हुई है। सभी चंबा जिले के भरमौर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गैहरा के रहने वाले थे और चंडीगढ़ से घर लौट रहे थे।


भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने हादसे पर शोक जताते हुए कहा कि गैहरा के पांच लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।


मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक 137.8 मिलीमीटर बारिश चंबा जिले के जोत में दर्ज की गई। इसके अलावा बिलासपुर के नैना देवी में 118.0 मिमी, मंडी की मुरारी देवी में 83.0 मिमी, कांगड़ा के घमरूर और शिमला में 58.2-58.2 मिमी, बिलासपुर के ब्रह्माणी में 54.6 मिमी, मंडी के जोगिंद्रनगर में 52.0 मिमी, बिलासपुर के मलराओं में 47.0 मिमी, ओलिंडा में 44.0 मिमी, हमीरपुर में 43.0 मिमी, बिलासपुर के आरएल बीबीएमबी में 42.4 मिमी और कांगड़ा के नगरोटा सूरियां में 42.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।


मौसम विभाग ने 28 से 30 जुलाई तथा 3 अगस्त को प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। 31 जुलाई से 2 अगस्त तक भी कई स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। विभाग ने लोगों से नदी-नालों के आसपास नहीं जाने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।


RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment