शिमला, 23 जून। हिमाचल प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून का इंतजार लंबा होता जा रहा है। सामान्य तौर पर प्रदेश में मानसून 25 जून के आसपास दस्तक देता है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार धीमी रहने के कारण तय समय पर हिमाचल पहुंचने की संभावना कम दिखाई दे रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून मंगलवार को आगे बढ़ते हुए मध्य अरब सागर के शेष हिस्सों, महाराष्ट्र के और क्षेत्रों (मुंबई सहित), तेलंगाना व ओडिशा के बाकी भागों तथा छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ अन्य हिस्सों तक पहुंचा है। अभी मानसून हिमाचल प्रदेश से काफी दूर है और इसके यहां पहुंचने में कुछ दिन और लग सकते हैं।
हालांकि मौसम विभाग ने 29 जून तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान जताया है, लेकिन फिलहाल किसी भी जिले के लिए भारी बारिश, आंधी या अन्य मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। ऐसे में अगले पांच से छह दिनों के दौरान व्यापक या भारी वर्षा की संभावना नहीं मानी जा रही है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 9.0 मिलीमीटर वर्षा भरमौर में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मनाली में 6.0 मिमी, काहू में 2.5 मिमी, मंडी और केलांग में 2-2 मिमी, कुकुमसेरी में 1.8 मिमी, बिलासपुर और बरठीं में 1.2-1.2 मिमी, जोगिंद्रनगर में 1.0 मिमी तथा कांगड़ा और पालमपुर में 0.2-0.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। राज्य में कहीं भी बर्फबारी नहीं हुई। मंडी जिला के मुरारी देवी क्षेत्र में गर्जना और बिजली चमकने की घटना दर्ज की गई, जबकि ताबो में 35 और शिमला में 22 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
बारिश की सीमित गतिविधियों और साफ मौसम के कारण मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप खिली रही। निचले और मैदानी क्षेत्रों में उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य के औसत अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान 4.1 डिग्री सेल्सियस की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 39.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद हमीरपुर जिला के नेरी 37.1 डिग्री, बिलासपुर 36.0 डिग्री, हमीरपुर 35.8 डिग्री, सुंदरनगर 35.5 डिग्री, कांगड़ा और बरठीं 35.4-35.4 डिग्री, मंडी 34.8 डिग्री, नाहन 34.1 डिग्री, भुंतर 33.8 डिग्री, बजौरा 33.5 डिग्री, चंबा 33.3 डिग्री, सोलन 32.8 डिग्री, धर्मशाला 32.4 डिग्री, रेकांगपिओ 29.4 डिग्री, जुब्बड़हट्टी 29.1 डिग्री, मशोबरा 27.0 डिग्री, मनाली 26.6 डिग्री, शिमला 25.6 डिग्री, ताबो 25.1 डिग्री, कल्पा 24.0 डिग्री, केलांग 22.0 डिग्री, नारकंडा 21.8 डिग्री तथा कुफरी में 19.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में मानसून के पहुंचने तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और उमस से तत्काल राहत मिलने के आसार कम हैं। हालांकि 29 जून के आसपास बारिश की गतिविधियों में कुछ बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।