शिमला, 09 जून। हिमाचल प्रदेश में गर्मी ने सोमवार को फिर से अपना प्रचंड रूप दिखाया। राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया। मैदानी जिलों ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर और हमीरपुर के नेरी क्षेत्र में पारा 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया और गर्मी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया।
नेरी में सोमवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा ऊना में 42.4 डिग्री, कांगड़ा में 40.4 डिग्री, बिलासपुर में 40.1 डिग्री और मंडी में 39.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। ऊना और हमीरपुर जैसे इलाकों में मौसम की मार झेल रहे लोग राहत की आस लगाए बैठे हैं।
वहीं, पर्यटन स्थलों पर भी इस बार गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। हिल स्टेशनों शिमला और मनाली में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा। शिमला में अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री और मनाली में 30.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इन दोनों जगहों पर इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। इन हिल स्टेशनों में तापमान में क्रमशः 3.2 डिग्री और 4.2 डिग्री की सामान्य से बढ़ोतरी देखी गई। पहाड़ों की ठंडी वादियों में सुकून की तलाश में पहुंचे सैलानी भी इस बार गर्मी से बेहाल नजर आए। दोपहर के समय शिमला और मनाली जैसे पर्यटन स्थलों पर आम दिनों की तुलना में चहल-पहल कम देखी गई।
बात करें शीत मरुस्थल लाहौल-स्पीति की तो यहां भी गर्मी ने दस्तक दे दी है। केलंग में तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। यह इस क्षेत्र के लिहाज से असामान्य स्थिति है। इसी प्रकार धर्मशाला में 35.1 डिग्री, चंबा में 35.9 डिग्री और सोलन में 34.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार सोमवार को राज्य के औसतन अधिकतम तापमान में 2.9 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। साथ ही पिछले 24 घंटों में तापमान में औसतन 1.3 डिग्री का उछाल आया है। पूरे प्रदेश में बारिश का अभाव भी गर्मी को बढ़ावा दे रहा है। सोमवार को किसी भी क्षेत्र में वर्षा दर्ज नहीं की गई, जिससे वातावरण और अधिक गर्म और शुष्क हो गया।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार अगले तीन दिन यानी 10 से 12 जून तक प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा जिससे गर्मी और अधिक बढ़ेगी। अनुमान है कि इन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। यह स्थिति न केवल मैदानी क्षेत्रों में बल्कि पहाड़ी और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों को भी प्रभावित करेगी।
हालांकि राहत की खबर यह है कि मौसम विभाग ने 13 से 15 जून के बीच प्रदेश भर में बारिश और बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।