|

शिमला : नदी में डूबने से मां-बेटी की दर्दनाक मौत, कपड़े धोते पैर फिसलने से हुआ हादसा

शिमला, 08 जून। शिमला जिला के कोटखाई तहसील अंतर्गत दरबार गांव के पास स्थित गिरी नदी में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में मां-बेटी की जान चली गई। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों महिलाएं नदी में कपड़े धोने गई थीं। पानी गहरा होने और चट्टानों की मौजूदगी के चलते दोनों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली है।


जानकारी के अनुसार पुलिस थाना को सूचना प्राप्त हुई कि दो महिलाएं दरबार के पास गिरी नदी पुल के नीचे गिर गई हैं। इस सूचना पर थाना प्रभारी स्वयं स्टाफ सहित मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर एक महिला का शव खड्ड के किनारे पानी से बाहर मिला जबकि दूसरी महिला का शव थोड़ी दूरी पर पानी में मिला।


मौके पर दो बाल्टियां, कंबल, कपड़े, जूते-चप्पल और सर्फ एक्सल का पैकेट भी पड़ा मिला जिससे यह स्पष्ट हुआ कि महिलाएं कपड़े धोने के लिए खड्ड में गई थीं। घटनास्थल पर पानी काफी गहरा था और वहां बड़ी-बड़ी चट्टानें थीं।


मौके पर ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों की भीड़ जमा हो गई थी। मृतकों की पहचान दरबार गांव निवासी सुनील शर्मा की पत्नी कांता शर्मा (47) और बेटी ममता शर्मा (30) के रूप में हुई है।


सुनील शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह सुबह 9 बजे अपने बड़े बेटे लव शर्मा के साथ सेब के बागान में काम पर गए थे। घर पर उसकी पत्नी कांता, बेटी ममता और छोटा बेटा कुश शर्मा मौजूद थे। कुश ने बताया कि दोपहर करीब 12.15 से 12.30 बजे के बीच मां और बहन कपड़े धोने के लिए गिरी खड्ड गई हैं।


सुनील शर्मा ने जब बार-बार फोन किया और पत्नी व बेटी ने कॉल रिसीव नहीं किया तो उन्होंने कुश को खड्ड भेजा। कुछ देर बाद कुश ने फोन कर बताया कि ममता खड्ड में डूब गई है और कांता लापता है। सुनील अपने बड़े बेटे और अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि ममता का शव पानी में पड़ा था और कांता का कहीं पता नहीं था। बाद में ग्रामीणों ने कांता का शव भी पानी से बाहर निकाला।


पुलिस द्वारा महिला कांस्टेबल की उपस्थिति में परिजनों के सामने शवों का निरीक्षण किया गया। दोनों शवों पर कोई संदिग्ध चोट के निशान नहीं पाए गए। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों महिलाओं की मौत कपड़े धोते समय फिसलने और गहरे पानी में डूबने के कारण हुई है।


पुलिस ने पूरी औपचारिकता पूरी करने व पोस्टमार्टम के बाद शवों को अंतिम संस्कार के लिए उनके पति सुनील शर्मा को सौंप दिया गया।


कोटखाई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक तफ्तीश में सामने आया है कि दोनों की मौत डूबने से हुई है। उन्होंने कहा कि इस सम्बंध में  भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment