|

दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना भारत : डॉ. सिकंदर कुमार

शिमला, 8 जून। भारतीय जनता पार्टी जिला शिमला की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को दीप कमल कार्यालय चक्कर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने की। इस दौरान उन्होंने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की।


डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि भारत ने हाल ही में जापान को पीछे छोड़ते हुए विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का गौरव प्राप्त किया है। वर्ष 2014 में जब मोदी सरकार पहली बार सत्ता में आई थी, तब भारत की जीडीपी जहां थी, आज 2025 में वह 4.3 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर से भी अधिक हो चुकी है।


उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि मोदी सरकार की दूरदर्शी नीतियों, सुधारों, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प और ऊर्जा क्षेत्र में किए गए बड़े बदलावों का नतीजा है। भारत अब दुनिया की सबसे तेजी से आगे बढ़ रही अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है और वैश्विक रणनीतिक शक्ति के रूप में उभरा है।


डॉ. कुमार ने कहा कि मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के पहले ही वर्ष में ऊर्जा क्षेत्र में संरचनात्मक परिवर्तन देखने को मिले हैं। भारत अब तीसरा सबसे बड़ा ऊर्जा और तेल उपभोक्ता, चौथा सबसे बड़ा रिफाइनर और चौथा सबसे बड़ा एलएनजी (LNG) आयातक बन गया है।


उन्होंने बताया कि वर्ष 2047 तक देश में ऊर्जा की मांग ढाई गुना बढ़ने की उम्मीद है, और भारत से वैश्विक ऊर्जा मांग का 25% पूरा होने की संभावना है। इसलिए मोदी सरकार की प्राथमिकता ऊर्जा सुरक्षा है, जिसे वे विकास की सुरक्षा से जोड़कर देखते हैं।



उन्होंने कहा कि भारत घरेलू ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने, नवीकरणीय ऊर्जा (सौर, पवन आदि) को प्रोत्साहित करने और तेल-गैस के क्षेत्र में सुधारों को लागू करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है।


तेल व गैस अन्वेषण में तेजी


बैठक में बताया गया कि तेल व गैस अन्वेषण के क्षेत्र में भी बड़ी प्रगति हुई है। वर्ष 2021 में जो अन्वेषण क्षेत्र 8% था, वह 2025 तक 16% हो गया है। मोदी सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक 1 मिलियन वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में अन्वेषण करना और 42 बिलियन टन तेल और गैस के भंडार की खोज करना है।


डॉ. सिकंदर ने कहा कि यह सब मुमकिन हो पाया है ‘नो-गो’ क्षेत्रों में 99% की कमी, सरल लाइसेंसिंग प्रक्रिया और नई गैस परियोजनाओं को आकर्षक कीमतों पर बढ़ावा देने जैसी ऐतिहासिक नीतियों से।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व न केवल भारत को आर्थिक महाशक्ति बना रहा है, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए आत्मनिर्भर और सशक्त भारत की नींव भी रख रहा है।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment