|

हिमाचल कैडर की रिटायर्ड आईएएस उपमा चौधरी मेट्रोपोलिटन स्टॉक एक्सचेंज की चेयरपर्सन नियुक्त

Himgiri Samachar:
शिमला, 30 मई। हिमाचल प्रदेश कैडर की सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस अधिकारी उपमा चौधरी को देश की प्रमुख वित्तीय संस्थाओं में से एक मेट्रोपोलिटन स्टॉक एक्सचेंज (एमएसई) की गवर्निंग बोर्ड की चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही वह भारत की मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर इंस्टीट्यूशंस (एमआईआई) में चेयरपर्सन पद संभालने वाली एकमात्र महिला बन गई हैं।


1983 बैच की हिमाचल प्रदेश कैडर की आईएएस अधिकारी रहीं उपमा दादा चौधरी भारत सरकार में सचिव के पद से रिटायर हुई है। उनके पास प्रशासन और सुशासन का तीन दशक से अधिक का अनुभव है। अपने 35 वर्ष के लंबे प्रशासनिक करियर के दौरान उन्होंने वित्त, ग्रामीण विकास, शिक्षा, उद्योग, पर्यटन, महिला सशक्तिकरण और सार्वजनिक क्षेत्र में सुधार जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में काम किया। वह वर्ष 2016 में लाल बहादुर शास्त्री नेशनल अकादमी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन की पहली महिला निदेशक भी बनी थीं।


उपमा चौधरी ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने वर्ल्ड ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन सहित विभिन्न वैश्विक मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है और कई संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों के साथ भी काम किया। वर्ष 2018 से 2021 के बीच वह यूनाइटेड नेशन्स कमेटी ऑफ एक्सपर्ट ऑन पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की सदस्य रहीं। इसके अलावा उन्होंने संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा पुरस्कारों से जुड़े कार्य समूह की अध्यक्षता भी की।


एमएसई की प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी लतिका एस कुंडू ने कहा कि उपमा चौधरी का व्यापक प्रशासनिक अनुभव, संस्थान निर्माण में उनकी भूमिका और सुशासन संबंधी विशेषज्ञता एक्सचेंज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा कि एमएसई एक मजबूत, पारदर्शी, नवोन्मेषी और समावेशी बाजार अवसंरचना संस्थान बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और ऐसे समय में उनका मार्गदर्शन संस्थान के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहेगा।


हिमाचल प्रदेश से जुड़े प्रशासनिक हलकों में उपमा चौधरी की इस नियुक्ति को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। लंबे समय तक राज्य और केंद्र सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं देने के बाद अब उन्हें देश के सबसे युवा स्टॉक एक्सचेंज की कमान सौंपी गई है, जो हिमाचल कैडर के लिए भी गौरव की बात मानी जा रही है।


बता दें कि उपमा चौधरी ने हिमाचल व केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। वह वर्ष 2019 में सेवानिवृत्त हुई थीं। उनके पति विनीत चौधरी भी पूर्व आईएएस अधिकारी हैं। विनीत चौधरी हिमाचल के मुख्य सचिव भी रहे हैं। उपमा चौधरी उपायुक्त सोलन के अलावा हिमाचल सरकार के महत्वपूर्ण विभागों में सचिव, प्रधान सचिव तथा अतिरिक्त मुख्य सचिव रहीं। वह युवा सेवा और खेल मंत्रालय के सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुई। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी मसूरी के निदेशक के तौर पर भी कार्य किया।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment