|

महंगाई के खिलाफ शिमला में गरजी माकपा, पेट्रोल-डीजल और गैस के दाम घटाने की मांग

Himgiri Samachar:
शिमला, 28 मई। राजधानी शिमला में गुरुवार को माकपा और सीटू कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। उपायुक्त कार्यालय के बाहर सीटीओ चौक पर हुए प्रदर्शन में पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार पर पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी कर आम जनता पर आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ईंधन की कीमतें तुरंत कम करने की मांग उठाई।


सीटू के प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने कहा कि पिछले एक सप्ताह में पेट्रोल और डीजल के दाम करीब 8 रुपये तक बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि बीते तीन महीनों में घरेलू गैस सिलेंडर करीब 60 रुपये और कमर्शियल गैस सिलेंडर लगभग 1000 रुपये तक महंगा हुआ है। उनका कहना था कि देश पहले ही बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रहा है और ऐसे समय में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी से आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी।


उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ेगी, जिसका असर रोजमर्रा की जरूरत की चीजों पर पड़ेगा और महंगाई और बढ़ेगी। विजेंद्र मेहरा ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद जनता को राहत नहीं दी गई, बल्कि एक्साइज ड्यूटी बढ़ाकर लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाला गया। उन्होंने कहा कि मौजूदा नीतियों का फायदा बड़ी तेल कंपनियों को हो रहा है, जबकि आम लोगों को महंगाई का सामना करना पड़ रहा है।


प्रदर्शन के दौरान माकपा नेताओं ने केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया। विजेंद्र मेहरा ने कहा कि राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री के घर ईडी की कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि केरल शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे क्षेत्रों में लंबे समय तक देश में अग्रणी राज्य रहा है और ऐसे मामलों में निष्पक्षता बरती जानी चाहिए।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment