|

हिमाचल पर्यटन निगम के होटलों में 31 मार्च तक पर्यटकों को भारी छूट

Himgiri Samachar:Tourism-hotels--Discount--Tourists
शिमला, 21 जनवरी। विंटर सीजन में हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय इलाकों की वादियां बर्फ से लकदक हैं। इसे निहारने के लिए सैलानी देवभूमि का रुख कर रहे हैं। शिमला, मनाली और चायल समेत अन्य पर्यटक स्थलों में ताजा बर्फ़बारी से पर्यटकों की संख्या में इजाफा हो रहा है। खास बात यह है कि बर्फबारी में सेलानियों का हिमाचल घूमना सस्ता हो गया है। 

दरअसल हिमाचल पर्यटन विकास निगम ने विंटर सीजन में सैलानियों को लुभाने के लिए ऑफर दिया है। निगम के होटलों में ठहरने वाले पर्यटकों को सीधी 20 से 40 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। यह छूट आगामी 31 मार्च 2023 तक जारी रहेगी। पहले यह छूट 20 फीसदी थी, लेकिन बर्फबारी के कारण अधिकतर होटलों में इसे बढ़ाकर 40 फीसदी तक कर दिया गया है। यह विशेष छूट सिर्फ कमरा बुक कराने पर दिया जाएगा। खाने और अन्य सुविधा प्रयोग में लाए जाने पर सैलानियों को यह सुविधा नहीं मिलेगी।

हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के निदेशक अमित कश्यप ने बताया कि 31 मार्च तक निगम के होटलों में कमरों की बुकिंग करवाने पर 20 से 40 फीसदी छूट रहेगी। निगम के कुछ होटलों में 30 फीसदी तो कुछ में 40 फीसदी छूट दी जाएगी। 

उनका कहना है कि देश और प्रदेश के सैलानियों को रिझाने के लिए निगम ने यह फैसला लिया है। बहुत से सैलानी जनवरी और फरवरी में बर्फबारी की चाह में घूमने निकलते हैं। ऐसे लोगों को निगम के होटलों में ठहरने के लिए आकर्षित करने के लिए विशेष छूट दी गई है। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है।

उन्होंने कहा कि टूरिस्ट बुकिंग के लिए निगम के दूरभाष नंबर 0177-2652561 और shimla@hptdc.in पर ईमेल के माध्यम से होटल संबंधी किसी भी तरह की जानकारी की जा सकती है। सैलानियों को पर्यटन निगम की वेबसाइट पर भी सभी होटलों की रेट लिस्ट के साथ जानकारी उपलब्ध है और सैलानी घर बैठे ऑनलाईन बुकिंग करवा सकते हैं। इसके अलावा प्रदेश पर्यटन विकास निगम के मोबाइल ऐप एचपी-टीडीसी पर भी होटलों में कमरों की उपलब्धता व अन्य विवरण उपलब्ध है। 

हिमाचल में पर्यटन निगम के 50 से ज्यादा होटल

प्रदेश में पर्यटन विकास निगम के 50 से अधिक होटल हैं। शिमला, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी, कसौली और चंबा इत्यादि विख्यात पर्यटन स्थलों में लग्ज़री होटल भी शामिल हैं। शिमला के मशहूर पीटरहॉफ और हॉलीडे होम होटल में सैलानियों को कमरों की बुकिंग में 30 फीसदी छूट दी जा रही है। अन्य कुछ होटलों में यह छूट 40 फीसदी है। सैलानी उन होटलों का रुख कर रहे हैं, जिन क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। 

23 से 26 जनवरी तक भारी बर्फबारी की आशंका

स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने 23 से 26 जनवरी तक शिमला सहित राज्य के पर्वतीय इलाकों में भारी बर्फ गिरने की आशंका जताई है। बीते 24 घण्टों के दौरान शिमला, कुल्लू, चम्बा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में हिमपात हुआ है। 

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment