|

केंद्र सरकार की योजनाओं को गंभीरता से लागू करे सरकार, नहीं तो होंगे गंभीर परिणाम : जयराम ठाकुर

Himgiri Samachar:

मण्डी, 06 दिसम्बर। प्रदेश सरकार केंद्र की लोकप्रिय योजनाओं को नज़र अंदाज़ करती जा रही है। जिन अधिकारियों के जिम्मे ऐसी लोक कल्याण की नीतियों को पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने का काम सौंपा गया है उसे वे पूरी ईमानदारी से निभाएं ताकि ऐसी योजनाओं के लाभ से कोई वंचित न रह सके। नेता प्रतिपक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने विधानसभा क्षेत्र के तहत धरोट और बस्सी पंचायत में विकसित भारत संकल्प यात्रा रथ पहुंचने पर जनता को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना है।

 

 

 

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के पास पहुंचाने के उद्देश्य से काम कर रही है। इन योजनाओं के प्रति जागरूकता व जन भागीदारी सुनिश्चित करवाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रारंभ की गई है। तीन दिसंबर से 25 दिसंबर तक चलने वाली यात्रा सभी ग्राम पंचायत व नगर निकायों में भ्रमण करेगी। अनेक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

 

 

 

 

जयराम ठाकुर ने चिंता जताते हुए कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार पूर्व में हमारी सरकार के समय शुरू की गई जन हितैषी योजनाओं को बंद कर लाखों लोगों को इससे मिलने वाले लाभ से वंचित कर रही है। हमने सहारा और हिम केयर जैसी योजनाएं शुरू की लेकिन इस सरकार ने इनके लिए बजट ही रोक दिया।

 

 

 

उन्होंने कहा कि आज हजारों लोग सहारा योजना से मिलने वाले लाभ से वंचित हैं। ये वो लोग थे जो किसी न किसी गंभीर बीमारी से अपने घरों में बिस्तर पर वर्षों से जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हमने ऐसे लोगों के लिए प्रति व्यक्ति तीन हज़ार रुपए मासिक देना शुरू किया था ताकि उनकी अच्छे से देखरेख हो सके।

 

 

 

नेता विपक्ष ने कहा कि इसी तरह हिम केयर जैसी योजना को भी राजनीतिक आधार पर अनदेखा किया जा रहा है। यही नहीं केंद्र सरकार की योजनाओं को भी धरातल पर नहीं उतारा जा रहा है। इस प्रकार के भेदभाव को कत्तई सहन नहीं किया जाएगा। सरकारें आती जाती रहती है लेकिन जनसेवा का भाव हमेशा बना रहना चाहिए।

 

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment