|

चुनाव में कांग्रेस व भाजपा के बीच सीधा मुकाबला:राहुल गांधी

Himgiri Samachar:

चंडीगढ़, 30 सितंबर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अग्निवीर योजना को हरियाणा के युवाओं के साथ धोखा बताया। उन्होंने

कहा कि हरियाणा के चुनाव में अब सीधा मुकाबला भाजपा व कांग्रेस के बीच है, बाकि सभी छोटी-छोटी पार्टियों को भाजपा ने मैदान में उतारा हैं। यहां लड़ाई भाजपा और कांग्रेस के बीच सिर्फ विचारधारा की है।

 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को अंबाला जिले के नारायणगढ़ में विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। राहुल गांधी के साथ प्रियंका

 

गांधी भी साथ थीं और उन्होंने भी संबोधित किया। रैली के बाद राहुल गांधी व प्रियंका गांधी की यात्रा अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर से होकर गुजरी। इस दौरान राहुल और प्रियंका ने 12 विधानसभा सीटें कवर की और बीच-बीच में कई स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित किया। राहुल गांधी ने अग्निवीर योजना को हरियाणा के युवाओं के साथ धोखा करार देते हुए कहा कि यह जवानों की पेंशन चोरी का तरीका है। राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा में अडाणी की सरकार नहीं चाहिए। किसानों, मजदूरों की सरकार बनेगी। हरियाणा में सरकार बनेगी, तो 36 बिरादरी की सरकार बनेगी। सबकी सरकार बनेगी। सबकी बराबर भागीदारी होगी। ये जो छोटी छोटी पार्टियां हैं ये भाजपा की पार्टी हैं। लड़ाई भाजपा और कांग्रेस के बीच में है। लड़ाई सिर्फ विचारधारा की है।

 

राहुल गांधी ने किसानों से कहा कि आप खेती करते हो, छोटा बिजनेस चलाते हो। आपको दबाया जाता है। अब मैं आपसे सवाल पूछता हूं, हिंदुस्तान के सबसे बड़े 250 कॉर्पोरेट्स हैं, उसमें कितने दलित, पिछड़े हैं। ये कॉर्पोरेट वाले ही कानून बनवाते हैं, उनमें कोई दलित पिछड़ा है ही नहीं। तो आपकी कौन सुनेगा। राहुल ने कहा कि अगर अडाणी जैसे लोगों का 16 लाख करोड़ रुपए का कर्जा माफ हो सकता है, तो आपका भी हो सकता है। मोदी जी कहते हैं कि किसान का कर्जा माफ नहीं होना चाहिए, मगर फिर अडाणी का भी एक पैसा माफ नहीं होना चाहिए। अगर आपको अरबपतियों को पैसा देंगे तो इनको भी पैसा देना होगा।

 

इस अवसर पर प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों से एमएसपी पर विश्वासघात किया। पहलवानों को सडक़ पर बिठाया। आत्मसम्मान और न्याय से जीना है तो इस सरकार को सत्ता से बाहर करना जरूरी है। प्रियंका गांधी ने कहा कि इस संविधान को बदलने की जो बात करते हैं, उनको आप बदल डालिए। ये सम्मान की लहर है, इसको और मजबूत बनाइए। भाजपा जा रही है, कांग्रेस आ रही है। यह कांग्रेस के नेता जमीनी नेता है। मेरे बड़े भाई जिन्होंने देश में यात्रा निकाली। इससे बड़ा समर्पण क्या होगा। ये दिन रात आपके सम्मान के लिए बैठे हैं। प्रियंका ने कहा कि आत्मसम्मान से जीना है, न्याय चाहिए, तो इस सरकार को फेंक निकालो, हटा दो। कुछ नहीं मिला है आपको इस सरकार से। सिर्फ बड़ी बड़ी बातें। यहां प्रधानमंत्री आते हैं फिर वही बातें करते हैं। प्रियंका ने कहा कि पहलवानों को देखिए, इनके साथ क्या किया गया। हमारा ये सम्मान रखते हैं। मैं जानती हूं गांव-गांव का बच्चा मेहनत करके स्पोर्ट्स में आगे बढ़ता है। उनके साथ क्या किया गया। सडक़ पर बिठाया गया।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment