|

हिमाचल के 10 शहरों का पारा गिरा, चीन सीमा से सटा समधो सबसे ठंडा स्थल

Himgiri Samachar:

शिमला, 07 दिसंबर । हिमाचल प्रदेश में सर्दी के कड़े तेवर जारी हैं। राज्य में रात का पारा लगातार गिर रहा है। जनजातीय जिलों में कई दिनों से पारा शून्य के नीचे बना हुआ है। बीते 24 घंटों के दौरान 10 शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

 

 

 

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की रिपोर्ट के मुताबिक भुंतर, ऊना, पालमपुर, सोलन, मनाली, चंबा, जुब्बड़हट्टी, सियोबाग, धौलाकूआं और समधो के तापमान में गिरावट आई है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में चीन सीमा से सटा समधो गांव प्रदेश का सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां न्यूनतम तापमान -3.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।

 

इसके अलावा शिमला में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री, सुंदरनगर में 3.2 डिग्री, भुंतर में 2 डिग्री, कल्पा में 0.4 डिग्री, धर्मशाला में 10.2 डिग्री, ऊना में 5.8 डिग्री, नाहन में 11.7 डिग्री, पालमपुर में 6 डिग्री, सोलन में 5 डिग्री, मनाली में 1.4 डिग्री, कांगड़ा में 7.7 डिग्री, मंडी में 3.5 डिग्री, चंबा में 4.9 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 8.8 डिग्री, कुफरी में 5.8 डिग्री, नारकंडा में 3.6 डिग्री, रिकांगपिओ में 3.3 डिग्री, सियोबाग में 2 डिग्री, धौलाकूआं में 8 डिग्री, बरठीं में 6.5 डिग्री, सराहन में 4.5 डिग्री और देहरा गोपीपुर में 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

 

 

धूप खिलने से दिन में मिल रही राहत

 

 

 

प्रदेश में इस विंटर सीजन में राहत की बात यह है कि दिन में धूप खिलने से मौसम खुशगवार बना हुआ है और लोगों को ठंड से राहत मिल रही है। राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य दर्ज किया जा रहा है। पिछले तीन-चार दिनों से राज्य में मौसम पूरी तरह साफ बना हुआ है।

 

 

 

विख्यात पर्यटन स्थलों शिमला और मनाली में सैलानी बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि अगले कुछ दिन बर्फ गिरने की संभावना नहीं है।

 

 

 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आगामी 10 दिसंबर तक प्रदेश भर में मौसम में कोई बदलाव नहीं आएगा। प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 11 व 12 दिसंबर को बारिश-बर्फबारी होने का अनुमान है। जबकि मैदानी व मध्यवर्ती क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा।

 

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment