|

शिमला में पकड़ी चरस की खेप, एक गिरफ्तार

Himgiri Samachar:

शिमला, 13 फ़रवरी। शिमला जिला के देहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को भारी मात्रा में चरस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस के अनुसार गुरूवार की रात विशेष सेल के एएसआई सुशील कुमार अपनी टीम के साथ बलग बाजार में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें एक विश्वसनीय स्रोत से सूचना मिली कि नीली पैंट और चेकदार ऊपरी कपड़े पहने एक व्यक्ति नैना कैंची सड़क पर किसी का इंतजार कर रहा है और उसके पास एक बैग में भारी मात्रा में चरस है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिये के आधार पर एक व्यक्ति को सड़क किनारे बैग के साथ खड़ा पाया।

 

पुलिस ने संदेह के आधार पर बैग की तलाशी ली, जिसमें से एक किलो 115 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सिरमौर जिला के राजगढ़ निवासी राजेश कुमार (35) के रूप में हुई है।

 

 

 

पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना देहा में मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह चरस कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment