शिमला, 02 जनवरी। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला शनिवार से एक ऐतिहासिक और यादगार आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। हिम एमएसएमई फेस्ट 2026 का शुभारंभ 3 जनवरी शनिवार को ऐतिहासिक रिज मैदान पर किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे।
फेस्ट के पहले दिन दोपहर 2 बजे से रिज मैदान पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग शुरुआत होगी। प्रदेश के विभिन्न जिलों की लोकसंस्कृति, पारंपरिक नृत्य, संगीत और कला के माध्यम से हिमाचल की आत्मा मंच पर जीवंत होगी। यह प्रस्तुतियां स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश-विदेश से आए पर्यटकों के लिए भी विशेष आकर्षण होंगी।
शाम 4 बजे से 7:40 बजे तक फेस्ट के प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान स्टार्टअप अवॉर्ड्स के माध्यम से नवाचारी युवाओं और उभरते उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा कल्चरल फैशन शो में पारंपरिक हिमाचली परिधानों और आधुनिक डिज़ाइनों के जरिए ‘मेड इन हिमाचल’ की झलक देखने को मिलेगी, जो परंपरा और आधुनिकता के सुंदर मेल को दर्शाएगा।
शाम को आयोजित होने वाली स्टार नाइट फेस्ट का विशेष आकर्षण रहेगी। इस संगीतमय शाम में पंजाबी गायक गैरी संधू अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। रोशनी, संगीत और उत्सव के माहौल से रिज मैदान जीवंत हो उठेगा।
हिम एमएसएमई फेस्ट 2026 केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को बाजार से जोड़ने, युवाओं को स्टार्टअप के लिए प्रेरित करने और ‘लोकल से ग्लोबल’ की सोच को साकार करने का एक मंच है।