|

हिमाचल प्रदेश के छह नवनिर्वाचित विधायकों ने ली शपथ

Himgiri Samachar:

शिमला, 12 जून। हिमाचल प्रदेश विधानसभा की छह सीटों पर हुए उपचुनाव में निर्वाचित विधायकों ने बुधवार को शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने उनको पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। विधानसभा सचिवालय के पुस्तकालय कक्ष में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के चार और भाजपा के दो विधायकों ने शपथ ली।

 

लाहौल-स्पीति से कांग्रेस की अनुराधा राणा, गगरेट से राकेश कलिया, कुटलेहड़ से विवेक शर्मा एवं सुजानपुर से रंजीत राणा और धर्मशाला से भाजपा के सुधीर शर्मा एवं बड़सर से इंद्र दत्त लखनपाल ने शपथ ली। शपथ लेने के बाद नवनिर्वाचित विधायकों ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से विधानसभा पहुंचे हैं और क्षेत्र के मुद्दों को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। सरकार के सहयोग से क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा चार जून को हिमाचल में सरकार बनाने का दावा कर रही थी लेकिन जनता ने कांग्रेस को अपना आशीर्वाद दिया और चार सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार जीते हैं। सरकार मजबूत हुई है और मजबूती से जनता के लिए काम करेगी।

 

 

 

नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि लोकसभा चुनाव और विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा ने राज्य में अच्छा प्रदर्शन किया है। राज्य की चारों लोकसभा सीटें भाजपा ने जीती हैं जबकि विधानसभा उपचुनाव में पार्टी ने दो सीटें जीती हैं। राज्य की 68 सदस्यीय विधानसभा में से 61 क्षेत्रों में भाजपा को लीड मिली है। तीन सीटों पर और होने वाले उपचुनाव में भी भाजपा अच्छा प्रदर्शन करेगी।

 

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment