|

मुख्यमंत्री का पूर्व भाजपा सरकार पर जमकर हमला, उद्योगपतियों को आबंटित जमीन सहित हिमकेयर घोटालों की किया जिक्र

Himgiri Samachar:

धर्मशाला, 29 अगस्त। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने कांगड़ा जिला के दौरे के दौरान पूर्व भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने पूर्व सरकार के कार्यकाल में जमीन आवंटन, जमीनों के बेनामी लेनदेन सहित हिमकेयर सहित अन्य तरह के घोटालों का आरोप लगाते हुए उनकी जांच और रद्द करने की बात कही। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि सोलन जिले के बद्दी क्षेत्र में करीब 5,000 बीघा जमीन भाजपा के करीबी उद्योगपतियों को कस्टमाइज्ड पैकेज के अंतर्गत बिना पंजीकरण के आवंटित की गई। राज्य सरकार इन जमीन आवंटनों को रद्द करने पर विचार कर रही है। यदि आवंटित जमीन पर कोई कार्य शुरू नहीं किया गया है, तो उसका आवंटन रद्द कर दिया जाएगा। पिछली भाजपा सरकार के दौरान लागू हिमकेयर योजना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरुषों के अंडाशय के ऑपरेशन के बिल तैयार किए गए, जो एक बड़े घोटाले की ओर संकेत करता है।

 

कांगड़ा एयरपोर्ट के पास जमीनों के बेनामी लेनदेन की हो रही जांच

 

उन्होंने कहा कि कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार के दौरान जमीनों का बेनामी लेन-देन भी हुआ है। राज्य सरकार ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं और यदि अनियमितताएं सामने आती हैं तो संबंधित जमीन को जब्त कर गरीबों में वितरित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की लड़ाई में सहयोग देने का आह्वान किया।

 

जसवां परागपुर को करोड़ों की सौगातें

 

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने जसवां-परागपुर क्षेत्र के बाड़ी में 95 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कई अन्य विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इनमें 1.80 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, डाडासीबा के विज्ञान खंड की आधारशिला भी शामिल हैं। इसके अलावा, जसवां-परागपुर क्षेत्र में 4.85 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़क कार्यों तथा 37 लाख रुपये की लागत से अलोह में स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन के निर्माण की आधारशिला भी रखी गई।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment