|

संघ की प्रतिनिधि सभा की बैठक हरियाणा के समालखा में 13-15 मार्च तक

Himgiri Samachar:

समालखा, 24 फरवरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शीर्ष नीति-निर्धारक इकाई अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक 13 से 15 मार्च तक हरियाणा के समालखा में आयोजित की जाएगी। तीन दिवसीय इस बैठक में देशभर से संघ के प्रतिनिधि भाग लेंगे।

 

संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर के मुताबिक 13 से 15 मार्च के बीच इस बैठक का आयोजन होगा। वहीं 9 मार्च से आंतरिक समन्वय बैठकें प्रारंभ होंगी। इन बैठकों में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले तथा छह सह-सरकार्यवाह और अन्य अपेक्षित पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।

 

संघ के प्रचार विभाग के मुताबिक प्रतिनिधि सभा में वर्ष 2025–26 के संघ कार्यों की समीक्षा की जाएगी। कार्य विस्तार, कार्यकर्ता निर्माण और प्रशिक्षण की रणनीति पर विस्तृत चर्चा प्रस्तावित है। अप्रैल से जून के बीच आयोजित होने वाले संघ शिक्षा वर्गों की रूपरेखा और प्रभावशीलता भी बैठकी कार्यसूचि मे शामिल रहेगी। इसके अलावा बैठक में देश की वर्तमान परिस्थितियों पर विचार-विमर्श कर प्रस्ताव पारित किए जाने की संभावना है। डॉ. भागवत के देशव्यापी प्रवास के दौरान उठे विभिन्न विषयों पर भी प्रतिनिधि सभा में चर्चा होने वाली है।

 

संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में चल रहे कार्यक्रमों की समीक्षा इस बैठक का प्रमुख हिस्सा होगी। साथ ही संघ के कार्यक्षेत्र के पुनर्गठन को अंतिम रूप देने पर विशेष ध्यान रहेगा। प्रस्तावित योजना के तहत सभी प्रांतों को संभागों में विभाजित कर संगठनात्मक कार्य को जमीनी स्तर तक और सुदृढ़ किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार इस पुनर्गठन को अंतिम रूप देकर आगे की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी, ताकि नवंबर से प्रस्तावित जिला संघचालकों के चुनाव संपन्न कर नई समितियों का गठन किया जा सके।

 

अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में अखिल भारतीय पदाधिकारी, क्षेत्र संघचालक, प्रचारक, कार्यवाह, प्रांत संघचालक, विभिन्न कार्यविभागों के प्रमुख, निर्वाचित प्रतिनिधि तथा पूर्व पदाधिकारी शामिल होंगे। साथ ही संघ परिवार के संगठन जैसे विश्व हिंदू परिषद, भारतीय जनता पार्टी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय मजदूर संघ, सेवा भारती, स्वदेशी जागरण मंच, विद्या भारती, राष्ट्र सेविका समिति और राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ सहित अन्य संगठनों के अध्यक्ष व संगठन मंत्री भी बैठक में सहभागी होंगे।

 

डॉ. भागवत और होसबाले 8 मार्च तक समालखा पहुंच जाएंगे। मुख्य बैठक के उपरांत 17 मार्च तक चलने वाली विभिन्न आंतरिक बैठकों में भी वे भाग लेंगे। यह बैठक संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें भविष्य की रणनीति और संरचनात्मक बदलावों पर निर्णायक कदम उठाए जा सकते हैं।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment