|

शिमला: सिर पर ईंट गिरने से 14 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में ठेकेदार और मिस्त्री गिरफ्तार

Himgiri Samachar:
शिमला, 11 मई। राजधानी शिमला के संजौली उपनगर में निर्माणाधीन भवन से गिरी ईंट लगने के बाद घायल हुए 14 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले रविवार को भवन मालिक को गिरफ्तार किया गया था। अब मामले में कुल तीन गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।


पुलिस के अनुसार थाना संजौली में  29 अप्रैल को दर्ज किया गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि संजौली स्थित चौपड़ा निवास नामक निर्माणाधीन भवन की सातवीं मंजिल से एक ईंट नीचे गिर गई, जो वहां से गुजर रहे 14 वर्षीय बालक के सिर पर लगी। गंभीर रूप से घायल बच्चे को इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला में भर्ती कराया गया था। करीब 11 दिनों तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद बच्चे की शनिवार को मौत हो गई थी।


मामले में शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और 125A के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य जुटाए और गवाहों के बयान दर्ज किए। बाद में मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 भी जोड़ी गई।


पुलिस जांच के आधार पर रविवार देर शाम को भवन मालिक शांता लाल चौपड़ा निवासी टनल व्यू, संजौली को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सोमवार को पुलिस ने मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है।


गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 32 वर्षीय अवनीत कुमार शामिल है, जो मंडी जिले के कोटली क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में कृष्णा नगर, शिमला में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक वह निर्माण कार्य में ठेकेदार के रूप में जुड़ा हुआ था। दूसरे आरोपी की पहचान 47 वर्षीय मोहम्मद इकबाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला है और फिलहाल लक्कड़ बाजार स्थित ईदगाह क्षेत्र में रह रहा था। वह निर्माण कार्य में मिस्त्री के तौर पर काम कर रहा था।


पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार किया गया और नियमानुसार अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच अभी जारी है।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment