|

शिमला में लगातार चौथे दिन वर्षा-ओलावृष्टि, 11 मई से फिर अलर्ट

Himgiri Samachar:
शिमला, 06 मई। मई के महीने में हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। यहां बादल मानसून की तरह बरस रहे हैं, ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो रही है और निचले व मैदानी क्षेत्रों में भी गर्मी का असर लगभग खत्म हो गया है। राजधानी शिमला में रोज हो रही बारिश के कारण मौसम दिसंबर जैसा ठंडा हो गया है और लोग एक बार फिर गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं।


बुधवार को लगातार चौथे दिन दोपहर के समय शिमला में बारिश हुई, जबकि ऊपरी इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। शिमला शहर में भी हल्की ओलावृष्टि हुई।  खासकर अपर शिमला के क्षेत्रों में ओलावृष्टि से सेब की फसल को नुकसान पहुंचा है, जिससे बागवानों की चिंता बढ़ गई है।


मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 11 और 12 मई को एक बार फिर आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। इन दिनों 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कई स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इससे पहले पिछले चार दिनों से राज्य में रुक-रुक कर हो रही बारिश और ओलावृष्टि ने तापमान में गिरावट ला दी है।


जनजातीय इलाकों, खासकर लाहौल-स्पीति में न्यूनतम तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है। ताबो में तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कल्पा में 3.5 और कुकुमसेरी में 4.8 डिग्री तापमान रहा। मनाली में 8.2, शिमला में 9.0 और धर्मशाला में 11.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। औसतन न्यूनतम तापमान में करीब 3.3 डिग्री की गिरावट आई है।


बीते 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई है। शिमला में 17 मिमी, नाहन में 12 मिमी, काहू में 7 मिमी और बरठीं में 6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा सराहन, सोलन और पालमपुर में भी हल्की बारिश हुई। कुछ क्षेत्रों में आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आईं, हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।


लगातार हो रही बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि का असर फसलों पर भी पड़ रहा है। सेब समेत अन्य गुठलीदार फलों को नुकसान पहुंचा है, जबकि निचले इलाकों में गेहूं की कटाई और भंडारण का काम प्रभावित हुआ है। कई जगह फसल भीगने से खराब हो गई है।


मौसम विभाग का कहना है कि 7 मई तक कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 8 से 10 मई के बीच मौसम साफ रहने की संभावना है। इसके बाद 11 और 12 मई को फिर से मौसम खराब होने की चेतावनी दी गई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment