|

हिमाचल शहरी निकाय चुनाव : 32 नामांकन रद्द, 1394 उम्मीदवार मैदान में

Himgiri Samachar:
शिमला, 05 मई। हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान 32 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद्द कर दिए गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार कुल 1426 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जिनमें से जांच के बाद 32 नामांकन अस्वीकृत पाए गए, जबकि 1394 नामांकन पत्र सही पाए गए और स्वीकार कर लिए गए। इसके साथ ही अब 1394 उम्मीदवार चुनावी मैदान में रह गए हैं।


आयोग के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि 21 अप्रैल को 51 शहरी निकायों के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी की गई थी। तय कार्यक्रम के तहत 4 मई को नामांकन पत्रों की जांच की गई, जबकि कुछ निकायों में यह प्रक्रिया 5 मई को भी पूरी हुई।


जिलावार स्थिति देखें तो बिलासपुर में 96 में से 93 नामांकन मंजूर हुए, चम्बा में सभी 113 नामांकन स्वीकार किए गए, हमीरपुर में 55 में से 53 नामांकन सही पाए गए, जबकि कांगड़ा में 125 में से 115 नामांकन मंजूर किए गए। मंडी में 269 में से 268 नामांकन स्वीकार किए गए, कुल्लू में 214 में से 205 नामांकन सही पाए गए, शिमला में 167 के सभी 167 नामांकन मंजूर हुए, सिरमौर में 92 में से 89 नामांकन स्वीकार किए गए, सोलन में 158 में से 155 नामांकन सही पाए गए और ऊना में 137 में से 136 नामांकन मंजूर किए गए।


प्रवक्ता ने बताया कि कुछ वार्डों में केवल एक ही उम्मीदवार ने नामांकन भरा है। इनमें कुल्लू की नगर पंचायत बंजार के वार्ड नंबर 6, मंडी की नगर पंचायत रिवालसर के वार्ड नंबर 1 और करसोग के वार्ड नंबर 1, शिमला की नगर पंचायत नेरवा के वार्ड नंबर 2 और 6 तथा चिड़गांव के वार्ड नंबर 2 शामिल हैं। वहीं मंडी की नगर पंचायत करसोग के वार्ड नंबर 7 में कोई भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ।


आयोग के अनुसार 6 मई को नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि है और उसी दिन दोपहर 3 बजे के बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद 17 मई को सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक ईवीएम के जरिए मतदान कराया जाएगा।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment