|

हिमाचल हाईकोर्ट में तीन नए जजों ने ली शपथ, संख्या 15 पहुंची

Himgiri Samachar:
शिमला, 30 अगस्त। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट को तीन नए न्यायाधीश मिलने के बाद अदालत में जजों की संख्या 15 हो गई है। चिराग भानु सिंह ने हाईकोर्ट के स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ली, जबकि भूपेश शर्मा और योगेश जसवाल ने अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पद की शपथ ली। राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने रविवार को लोक भवन में आयोजित समारोह में तीनों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।


इससे पहले हिमाचल हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश समेत 12 न्यायाधीश कार्यरत थे। तीन नई नियुक्तियों के बाद यह संख्या 15 हो गई है। हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के कुल 17 पद स्वीकृत हैं।


हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया भी शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहे। मुख्य सचिव केके पंत ने समारोह की कार्यवाही संचालित की और राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति वारंट पढ़े। चिराग भानु सिंह को हाईकोर्ट का न्यायाधीश, जबकि भूपेश शर्मा और योगेश जसवाल को अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किए जाने की जानकारी दी गई।


चिराग भानु सिंह इससे पहले कांगड़ा के जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे। उनके पास न्यायिक और कानूनी क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने वर्ष 1994 में हिमाचल हाईकोर्ट बार एसोसिएशन से जुड़कर वकालत शुरू की थी। सिविल, आपराधिक, संवैधानिक और सेवा मामलों में उन्होंने काम किया। वर्ष 2003 में वे हिमाचल प्रदेश सरकार के उप महाधिवक्ता भी रहे। वर्ष 2007 में उन्होंने न्यायिक सेवा में प्रवेश किया और प्रदेश के कई जिलों में न्यायिक जिम्मेदारियां संभालीं।


भूपेश शर्मा हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने वर्ष 1996 में न्यायिक सेवा में प्रवेश किया था। करीब 30 वर्षों के न्यायिक करियर में उन्होंने विभिन्न अदालतों में काम किया और वर्ष 2012 में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश बने। वे सीबीआई मामलों के विशेष न्यायाधीश और कई जिलों में जिला एवं सत्र न्यायाधीश भी रहे।


योगेश जसवाल सिरमौर के जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने वर्ष 1996 में न्यायिक सेवा शुरू की। विभिन्न जिला अदालतों में काम करने के बाद वर्ष 2013 में उच्च न्यायिक सेवा में पदोन्नत हुए। वे हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार और हिमाचल प्रदेश न्यायिक अकादमी के निदेशक भी रह चुके हैं।


समारोह में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल, हाईकोर्ट के न्यायाधीश, वरिष्ठ न्यायिक, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment