|

रामपुर में गरजी स्मृति ईरानी, कांग्रेस पर साधा निशाना

Himgiri Samachar:Smriti-Irani--Target--Congress

शिमला, 17 सितम्बर। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को शिमला जिला के रामपुर में आयोजित महिला सम्मेलन ''नारी को नमन'' में कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमले किये। उन्होंने सम्मेलन में पहुंची महिलाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा देश के लोगों के लिए काम कर रही है जबकि कांग्रेस आराम कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता में वापस आने की कोई गुंजाइश नहीं है। इन दिनों कांग्रेस नेता कांग्रेस छोड़ रहे हैं और हाल ही में बिलासपुर के रहने वाले कांग्रेस नेता रामलाल ठाकुर ने कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा पेश किया है। राम लाल ठाकुर ने भी माना कि कांग्रेस दिशाहीन और नेतृत्वविहीन है और हिमाचल में इस पार्टी में मुख्यमंत्री के कई सारे उम्मीदवार हैं। वैसे इस घटना से कांग्रेस की स्थिति बिल्कुल साफ है हो गई है।

 

उन्होंने कहा कि हिमाचल में डबल इंजन सरकार ने हिमाचल के विकास की गाथा को नए क्षितिज पर पहुंचाया हैं। केंद्र में मोदी सरकार और हिमाचल में जयराम सरकार ने मिलकर राज्य की समग्र प्रगति को गति देने के लिए बहुत अच्छा काम किया है।

कहा कि कांग्रेस ने हमारे आम जनता के स्वास्थ्य के बारे में कभी नहीं सोचा। जब से केंद्र में भाजपा सरकार सत्ता में आई है, 10 करोड़ से अधिक परिवार अब आयुष्मान भारत के तहत आ गए हैं, जहां उन्हें 5 लाख तक की मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं और हिमाचल में 4.37 लाख परिवार इस लोकप्रिय योजना के तहत कवर किए गए हैं। जयराम सरकार की बदौलत जो लोग आयुष्मान भारत के दायरे में नहीं थे, वे अब हिमकेयर के दायरे में आ गए हैं।

 

डबल इंजन सरकार का फर्क पड़ता है और इसका अंतर साफ है। केंद्र की मोदी सरकार ने बिलासपुर में एम्स, ऊना में पीजीआई सेंटर, नालागड़ में मेडिकल डिवाइस पार्क और ऊना में बल्क ड्रग पार्क दिया। कांग्रेस को देखना चाहिए कि डबल इंजन सरकार ने हिमाचल को क्या दिया है।

यह कांग्रेस का कल्चर है को वो अपनी बात पर कायम नहीं रहते, वे जो कहते हैं उसे कभी पूरा नहीं करते।

कांग्रेस ने सुनिश्चित किया कि अटल सुरंग पूरी न हो, लेकिन मैं भाजपा सरकार की शुक्रगुजार हूं कि यह ऐतिहासिक सुरंग बनकर तैयार हो गई है और आज यह सुरंग विश्व प्रसिद्ध है।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment