शिमला, 27 अप्रैल। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को ज़िला शिमला के कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान विकास कार्यों को गति देने के लिए 51.10 करोड़ रुपये की लागत वाली 15 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। यह कार्यक्रम धरेच और चियोग क्षेत्रों में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें सड़क निर्माण से जुड़े कई अहम काम शामिल हैं। इनमें 15.23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली फागू-धरेच सड़क, 7.85 करोड़ रुपये की धरेच-चटोग वाया मांडा सड़क, 4.81 करोड़ रुपये की डरन-जुब्बड़ सड़क और 1.50 करोड़ रुपये की खेती जुब्बड़-खद्ररव सड़क शामिल हैं। इसके अलावा 2 करोड़ रुपये की फागू-सरिऊ सड़क, 2.70 करोड़ रुपये की बंगापानी-चडैल सड़क, 3 करोड़ रुपये की चियोग-जठाई सड़क, 2.50 करोड़ रुपये की धलेऊ-जनू नाला सड़क और 2.60 करोड़ रुपये की न्होग-कनेशी सड़क का भी शिलान्यास किया गया।
अन्य परियोजनाओं में 1 करोड़ रुपये की धलैऊ-धार सड़क, 2 करोड़ रुपये की क्यानाला-सरोग सड़क, 90 लाख रुपये की चियोग बाजार से गांव मेहाना सड़क और 1 करोड़ रुपये की तलाई-देहना से गांव करयाल सड़क शामिल हैं। इसके साथ ही 1.14 करोड़ रुपये की लागत से धरेच में सामुदायिक केंद्र और पंचायत घर बनाने की योजना भी शुरू की गई।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने 2.85 करोड़ रुपये की लागत से बनी चियोग बाईपास सड़क का उद्घाटन भी किया, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।