|

भाजपा ने घोषित की 17 जिला कार्यकारिणियां, महिलाओं को खास जगह, जल्द घोषित होगी प्रदेश टीम

Himgiri Samachar:

शिमला, 04 अगस्त। हिमाचल प्रदेश भाजपा ने प्रदेश भर में अपनी 17 जिला कार्यकारिणियों की घोषणा कर दी है और जल्द ही प्रदेश स्तर की नई टीम भी बनाई जाएगी। यह जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सोमवार को शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान दी। उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जिसने जनसंघ से लेकर आज तक संगठन की मजबूती और मेहनत से अपनी पहचान बनाई है।


डॉ. बिंदल ने बताया कि घोषित की गई 17 जिला कार्यकारिणियों में कुल 874 सदस्य और पदाधिकारी शामिल हैं, जिनमें 358 महिलाएं और 258 अनुसूचित जाति, जनजाति और ओबीसी वर्ग से हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बूथ स्तर से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक मजबूत संगठन खड़ा किया है।


उन्होंने बताया कि भाजपा के 171 मंडलों में बनी कार्यकारिणियों में कुल 7587 सदस्य हैं, जिनमें 2569 महिलाएं और 3532 अनुसूचित जाति, जनजाति व ओबीसी वर्ग से हैं। प्रदेश के 8007 बूथों में से 7870 बूथों पर 11-11 सदस्यों की समितियां भी गठित कर दी गई हैं। इस तरह बूथ स्तर पर भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ताओं की संख्या 89,646 हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी और मजबूत टीम के साथ भाजपा आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है।


डॉ. बिंदल ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, जो कभी संसद में 500 सांसदों वाली बड़ी पार्टी थी, आज बहुत कम संख्या तक सिमट गई है। जबकि भाजपा, जो कभी सिर्फ दो सांसदों से शुरू हुई थी, आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का गठन आजादी के लिए हुआ था, लेकिन आज वह सत्ता की राजनीति में उलझकर कमजोर हो गई है।


उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कांग्रेस को भारत के तिरंगे से कोई परेशानी है तो वह साफ बताए। डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा के लिए तिरंगा देश की आन, बान और शान है। भाजपा पूरे प्रदेश में 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाएगी और 15 अगस्त को सभी 171 मंडलों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। साथ ही 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाया जाएगा, ताकि लोग देश के बंटवारे की पीड़ा को जान सकें।


भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल कांग्रेस का संगठन पिछले एक साल से भंग पड़ा है और न बूथ स्तर पर कोई टीम है, न प्रदेश स्तर पर। इसके विपरीत भाजपा का हर कार्यकर्ता लगातार नई ऊर्जा के साथ मैदान में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन मजबूत और अभेद्य है और यही संगठन 2027 के विधानसभा चुनाव में भी जीत की ओर बढ़ रहा है।



RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment