|

राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर सत्तापक्ष-विपक्ष में तीखी बहस

Himgiri Samachar:

शिमला, 12 मार्च। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर सरकार द्वारा लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बुधवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। भाजपा विधायकों ने सरकार की नीतियों और वादों को लेकर सवाल उठाए जबकि कांग्रेस के विधायकों ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का जोर-शोर से बखान किया। इस दौरान कई बार सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

 

भाजपा ने गारंटियों पर उठाए सवाल

 

विधानसभा में चर्चा के दौरान भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कांग्रेस सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप लगाए औऱ कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस ने महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह देने की गारंटी दी थी लेकिन अब इसे चरणबद्ध तरीके से लागू करने की बात कही जा रही है जिससे जनता भ्रमित हो रही है। उन्होंने गोबर और दूध खरीद योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने 100 रुपये प्रति लीटर दूध खरीदने का वादा किया था लेकिन अब तक केवल बढ़ोतरी की बात की जा रही है।

 

सत्ती ने आरोप लगाया कि खुद कांग्रेस के एक मंत्री ने कहा है कि संगठन निष्क्रिय हो गया है और सरकार भी ठीक से काम नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सड़कें बदहाल हैं, गांवों में मरम्मत के लिए पैसे नहीं हैं और नल कनेक्शन के लिए पाइप तक उपलब्ध नहीं हो रही हैं। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि प्रदेश में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान कहां खोले गए हैं।

 

सत्ती ने कहा कि स्वां नदी का चैनलाइजेशन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और पंजाब से खनन माफिया हिमाचल में घुस रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि उसने 1400 संस्थान बंद कर दिए, ट्रेजरी को अस्थायी रूप से रोक दिया और दो साल में 30,000 करोड़ रुपये का कर्ज ले लिया। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को समय पर वेतन और पेंशन तक जारी नहीं कर पा रही है।

 

इस पर कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को पांच साल का जनादेश दिया है और सरकार अपनी सभी गारंटियों को इसी अवधि में पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के ओवरड्राफ्ट के कारण प्रदेश की वित्तीय स्थिति खराब हुई थी, जिसे सुक्खू सरकार पटरी पर लाने की कोशिश कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में पुरानी पेंशन योजना लागू कर अपनी पहली गारंटी पूरी की थी। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक सरकार 1.40 करोड़ रुपये की गोबर खरीद चुकी है, जिसे खाद के रूप में उपयोग किया जाएगा।

 

विपक्ष का पलटवार, जयराम ने उठाए कर्मचारियों और स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दे

 

कृषि मंत्री के जवाब पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा विधायक सतपाल सत्ती ने जो सवाल उठाए हैं वे पूरी तरह जायज हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बताए कि अब तक कितने आदर्श स्वास्थ्य संस्थान खोले गए हैं और कितने कर्मचारियों को समय पर वेतन मिला है।

 

उन्होंने कहा कि जनता का दर्द सत्ता पक्ष को समझना चाहिए और वेतन और पेंशन न मिलने की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश न करे और जनता से किए वादों को जल्द पूरा करे।

 

कांग्रेस का दावा – 10 में से 6 गारंटियां पूरी, वित्तीय स्थिति में सुधार

 

कांग्रेस विधायक रामकुमार चौधरी ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने 10 में से 6 गारंटियों को पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के समय प्रदेश की वित्तीय स्थिति बेहद खराब थी, लेकिन अब सुक्खू सरकार इसे सुधारने में लगी है।

 

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए हींग और केसर की खेती को बढ़ावा देने जा रही है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस मनरेगा योजना को कांग्रेस सरकार ने शुरू किया था उसे केंद्र सरकार बंद करने की तैयारी कर रही है।

 

भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकारी कार्यक्रमों में विपक्ष के विधायकों को न्योता नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिलान्यास करने जाते हैं, लेकिन स्थानीय विधायकों को नजरअंदाज किया जाता है।

 

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे अधिकारियों को उच्च पदों पर बैठाया जा रहा है जबकि रिटायर्ड अधिकारियों को मोटी सैलरी पर पुनः नियुक्त किया जा रहा है। उन्होंने सरकार पर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 40 विधानसभा क्षेत्रों में भी विकास कार्य नहीं हो रहे हैं।

 

भाजपा ने उठाए बिजली, शिक्षा और उद्योगों के मुद्दे

 

भाजपा विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि सरकार की गारंटियां केवल दीवारों पर लिखी हुई हैं, लेकिन जमीन पर कुछ नजर नहीं आ रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं हो रहे हैं और डेढ़ साल से फाइलें अटकी हुई हैं।

 

उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब का अस्पताल केवल रेफरल सेंटर बनकर रह गया है और बिजली बोर्ड में कोई नया काम नहीं हो रहा है। उद्योगों पर सेस लगाने से उद्योग पलायन कर रहे हैं, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नुकसान हो रहा है।

 

सरकार का बचाव, विपक्ष पर लगाए षड्यंत्र के आरोप

 

कांग्रेस विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि कांग्रेस सरकार को पांच साल का जनादेश मिला है और सभी गारंटियां इसी अवधि में पूरी की जाएंगी। उन्होंने विपक्ष पर सरकार के खिलाफ षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा वित्तीय संकट का बहाना बनाकर सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 69 आदर्श स्वास्थ्य संस्थान बनाए जा रहे हैं और अब तक किसी भी मंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप नहीं लगे हैं जबकि भाजपा सरकार के दौरान कई घोटाले हुए थे।

 

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment