|

हिमाचल भाजपा की अनुशासनहीनता पर सख्ती, दो नेता छह साल के लिए पार्टी से निलंबित

Himgiri Samachar:
शिमला, 18 मई। भारतीय जनता पार्टी की हिमाचल प्रदेश इकाई ने पंचायतीराज और नगर निकाय चुनावों के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल नेताओं के खिलाफ बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। पार्टी ने दो नेताओं को छह वर्षों के लिए निलंबित कर दिया है।


भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर से सोमवार को जारी बयान के अनुसार नालागढ़-पंजेहरा मंडल में जिला परिषद चुनाव के दौरान पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने और पार्टी विरोधी गतिविधियों की शिकायतें अनुशासन समिति को मिली थीं। शिकायतों में किसान मोर्चा के जिला महामंत्री ज्ञान ठाकुर और जिला प्रवक्ता अमित राणा के नाम शामिल थे।


पार्टी के मुताबिक ज्ञान ठाकुर ने नालागढ़ के वार्ड नंबर-14 दनोटा से भाजपा के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़ा। वहीं अमित राणा पर चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप लगे।


इन शिकायतों पर भाजपा की अनुशासन समिति ने विचार-विमर्श किया और इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना। इसके बाद समिति ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल को कार्रवाई की सिफारिश भेजी।


समिति की सिफारिश के आधार पर डॉ. राजीव बिंदल ने तत्काल प्रभाव से दोनों नेताओं को उनके संगठनात्मक दायित्वों से मुक्त करते हुए पार्टी से छह वर्षों के लिए निलंबित करने का आदेश जारी किया।


भाजपा ने अपने बयान में कहा है कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है और पार्टी विरोधी गतिविधियों को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। पार्टी ने यह भी संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी अनुशासनहीनता के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment