|

मुख्यमंत्री ने 89 पौंगडैम विस्थापितों को प्रदान किए भूमि के कागज़ात

Himgiri Samachar:

धर्मशाला, 03 जून। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को जिला कांगड़ा के देहरा विधानसभा क्षेत्र के हरिपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 89 पौंगडैम विस्थापितों को भूमि आवंटन के प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के समक्ष स्थानीय विधायक ने पौंगडैम विस्थापितों के मामले की पुरजोर वकालत की। यह परिवार गत 50 वर्षों से विस्थापन का दंश झेल रहे हैं और उन्हें अपने दस्तावेज प्राप्त करने के लिए संघर्ष करना पड़ा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अब उन्हें उनका अधिकार प्रदान कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शेष विस्थापित परिवारों को भी निकट भविष्य में भूमि आवंटित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक परिवार को गृह निर्माण के लिए 3 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र का पिछले 25 वर्षों तक कांग्रेस के किसी विधायक ने प्रतिनिधित्व नहीं किया। अहंकार के भाव में आकर एक निर्दलीय विधायक ने लोकतंत्र का अपमान करते हुए विधायक पद से इस्तीफा दे दिया और 11 माह पहले उप-चुनाव में जीत दर्ज कर कमलेश ठाकुर को इस विधानसभा क्षेत्र से प्रतिनिधित्व का अवसर प्राप्त हुआ। वर्तमान में देहरा क्षेत्र कायाकल्प के दौर से गुजर रहा है।

 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरिपुर को आदर्श स्वास्थ्य संस्थान की घोषणा

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान बना रही है, प्रत्येक आदर्श स्वास्थ्य संस्थान में छह विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी, जिससे लोगों को घर द्वार के निकट विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरिपुर को आदर्श स्वास्थ्य संस्थान बनाने की घोषणा की और चिकित्सकों के लिए आवासीय सुविधा के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा की।

 

उन्होंने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे का विस्तार कार्य प्रगति पर है और प्रभावित लोगों को उचित मुआवज़ा दिया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने वन विभाग के वन्य जीव विंग कार्यालय को शिमला से धर्मशाला स्थानान्तरित किया है। आगामी समय में और सरकारी कार्यालय कांगड़ा जिले में स्थानान्तरित किए जाएंगे।

 

उन्होंने राज्य के संसाधनों के दुरूपयोग के लिए पूर्व भाजपा सरकार की आलोचना की और कहा कि जरूरतमंदों को सब्सिडी उचित है लेकिन साधन सम्पन्न लोगों को सब्सिडी देना तर्कसंगत नहीं है। आईजीएमसी शिमला और डॉ. राजेन्द्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करना है।

 

इस अवसर पर देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर ने देहरा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न परियोजनाओं और पहलों के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र के लोगों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छह माह के भीतर क्षेत्र के विकास कार्यों में और तेजी लाई जाएगी। पूर्व सांसद विप्लव ठाकुर ने कहा कि सुक्खू जमीनी स्तर से राजनीति आरम्भ करके आज प्रदेश के शीर्ष मुकाम पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सशक्त नेतृत्व में देहरा के साथ-साथ पूरा प्रदेश उन्नति कर रहा है।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment