|

हिमाचल में तीन स्थानों पर गिरे मिसाइल के टुकड़े, दो पशुओं की गई जान

Himgiri Samachar:

शिमला, 10 मई। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा और ऊना जिलों में मिसाइल के टुकड़े गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। इनमें दो पशुओं की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि कांगड़ा जिले में दो स्थानों और ऊना जिले में एक स्थान पर मिसाइल के टुकड़े गिरे हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना के डिफेंस सिस्टम ने मिसाइल को आसमान में ही डिफ्यूज कर दिया था। हालांकि कुछ टुकड़े धरती पर गिरे हैं जिससे दो पशुओं की जान चली गई।

 

घटना के तुरंत बाद सम्बंधित जिला प्रशासनों को सतर्क कर दिया गया है तथा सुरक्षा पुख्ता करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

 

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि कांगड़ा जिले के इंदौरा और आसपास के इलाकों में पठानकोट की तर्ज पर स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) लागू करने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी के मद्देनज़र मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव कार्यालय और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का कार्यालय आगामी छुट्टियों में भी खुला रहेगा ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित निर्णय और राहत कार्य किए जा सकें।

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए रखा जा रहा है। राज्य सरकार केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासी, प्रशासन और राज्य सरकार इस संकट की घड़ी में केंद्र सरकार के साथ खड़े हैं।

 

इससे पूर्व मुख्यमंत्री सुक्खू ने शनिवार दोपहर सचिवालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर मौजूदा हालात की समीक्षा की। बैठक में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, गृह सचिव और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार हर संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और स्थिति पर गहराई से नजर रखी जा रही है।

 

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जिलों में पड़ोसी राज्यों के अनुरूप ही प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस बात पर बल दिया कि केंद्र सरकार के सभी दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित की जा रही है।

 

उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार सभी आवश्यक कदम उठा रही है। उन्होंने राज्य के लोगों से सतर्क और सजग रहने का आहवान किया।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment