|

संविधान से छेड़छाड़ नहीं होने देगी कांग्रेस : प्रतिभा सिंह

Himgiri Samachar:

शिमला, 01 मई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी संविधान में किसी भी तरह की छेड़छाड़ के सख्त खिलाफ है और इसे कभी सफल नहीं होने देगी। वह गुरूवार को बिलासपुर में जिला स्तरीय "संविधान बचाओ अभियान" की शुरुआत के अवसर पर बोल रही थीं।

 

उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान की बुनियाद पर भारत का लोकतंत्र टिका है, लेकिन भाजपा लगातार इस बुनियाद को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। प्रतिभा सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है और संसद में राहुल गांधी जैसे नेताओं को बोलने नहीं दिया जाता।

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी देश में बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उन्हें रोकने और परेशान करने के लिए बदले की भावना से काम कर रही है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ झूठे मुकदमे बनाकर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है।

 

प्रतिभा सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की है, जिसे पूरे संगठन को एकजुट होकर सफल बनाना है। उन्होंने इस अभियान को कांग्रेस का एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मिशन बताया और कहा कि इसे गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।

 

उन्होंने पार्टी नेताओं से आग्रह किया कि वे कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझें और उन्हें पूरा महत्व दें, क्योंकि सरकारें कार्यकर्ताओं के परिश्रम से बनती हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी जल्द ही जिला, ब्लॉक और प्रदेश स्तर पर नई कार्यकारिणी गठित करेगी, जिसमें कर्मठ कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान मिलेगा।

 

जातिगत जनगणना के मुद्दे पर उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि राहुल गांधी की इस मांग को पहले भाजपा ने मजाक उड़ाया था, लेकिन अब केंद्र सरकार को इसे मानना पड़ा है। उन्होंने कहा कि जाति आधारित जनगणना से सभी वर्गों को उनके अधिकार मिल सकेंगे और यही वजह है कि राहुल गांधी संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।

 

संविधान बचाओ अभियान के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रतिभा सिंह ने बताया कि यह 10 मई तक जिला स्तर पर, 11 से 17 मई तक विधानसभा यानी ब्लॉक स्तर पर और 20 से 30 मई तक घर-घर जाकर चलाया जाएगा।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment