शिमला, 22 मई। प्रदेश में 17 मई को हुए शहरी निकाय चुनाव में शिमला ज़िला में कांग्रेस के गढ़ों रामपुर और कोटखाई में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के दबदबे के बाद अब रोहड़ू ने अलग तस्वीर पेश की है। यहां नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने ऐसा पलटवार किया कि बीजेपी सिर्फ एक वार्ड तक सिमट कर रह गई। नौ वार्डों में शुक्रवार को हुए चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने सात सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई।
रोहड़ू नगर परिषद चुनाव को इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि मतदान के दौरान कई बुजुर्ग मतदाता पोलिंग स्टेशनों तक पहुंचे और लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। इनमें कई शतकवीर मतदाता भी शामिल रहे, जिन्होंने उम्र की परवाह किए बिना मतदान कर मिसाल पेश की।
सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान दोपहर तीन बजे तक चला। इसके बाद मतगणना शुरू हुई और देर शाम तक सभी वार्डों के परिणाम घोषित कर दिए गए। चुनाव में कुल 77.31 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जिसे उत्साहजनक माना जा रहा है।
वार्ड नंबर 1 दशालनी एवं सेरी से बीजेपी समर्थित रमा देवी ने जीत हासिल की। उन्हें 209 वोट मिले। इस वार्ड में वृंदा जिल्टा को 153, राजवंती को 104 और विक्रमा देवी को 53 वोट मिले।
वार्ड नंबर 2 अपर बाजार से कांग्रेस समर्थित पारुल ने 116 वोट लेकर जीत दर्ज की, जबकि ऊषा शर्मा को 100 मत मिले। वार्ड नंबर 3 मुख्य बाजार से कांग्रेस समर्थित सुजय अग्रवाल ने 266 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनकी प्रतिद्वंद्वी रंजना रैतका को 146 वोट मिले।
वार्ड नंबर 4 समाला से कांग्रेस समर्थित रणजीता ने 122 वोट हासिल किए, जबकि रीतू को 103 मत मिले। वार्ड नंबर 5 बस स्टैंड क्षेत्र से कांग्रेस समर्थित राज कुमार ने 79 वोट लेकर जीत दर्ज की और राजेश चंद को 54 वोट मिले।
वार्ड नंबर 6 ब्लॉक क्षेत्र से प्रीति चौहान ने 124 वोट लेकर जीत हासिल की। उनकी प्रतिद्वंद्वी बीना देवी को 33 वोट मिले। वार्ड नंबर 7 कोर्ट रोड क्षेत्र से जितेंद्र चौहान ने 113 वोट हासिल किए, जबकि सौरव तानटा को 30 मत मिले।
वार्ड नंबर 8 बावटीनाला से कांग्रेस समर्थित प्यारे लाल आजाद ने 153 वोट लेकर जीत दर्ज की। यहां मुकाबला कड़ा रहा और पन्ना लाल को 140 वोट मिले। वहीं वार्ड नंबर 9 शक्तिनगर से निर्दलीय उम्मीदवार शालू दत्ता ने जीत हासिल की। उन्हें 131 वोट मिले, जबकि सिमरन कौर को 42 और सुनीता देवी को 56 मत प्राप्त हुए।
रिटर्निंग ऑफिसर और एसडीएम (नागरिक) रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा के मुताबिक कुल 3,151 मतदाताओं में से 2,436 लोगों ने मतदान किया। इनमें 1,652 पुरुष मतदाताओं में से 1,274 ने वोट डाले, जबकि 1,499 महिला मतदाताओं में से 1,162 महिलाओं ने मतदान किया। उन्होंने बताया कि पूरा चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।