|

प्रधानमंत्री शनिवार को रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र

Himgiri Samachar:

नई दिल्ली, 22 मई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को 19वें रोजगार मेले के तहत विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुबह 11 बजे कार्यक्रम में शामिल होंगे और इस अवसर पर युवाओं को संबोधित भी करेंगे।

 

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता के तहत रोजगार मेला एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य सरकारी नौकरियों में भर्ती प्रक्रिया को तेज करना और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

 

बयान में कहा गया है कि देशभर में आयोजित 18 रोजगार मेलों के माध्यम से अब तक करीब 12 लाख भर्ती पत्र जारी किए जा चुके हैं।

 

19वां रोजगार मेला देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से चयनित अभ्यर्थियों को भारत सरकार के कई मंत्रालयों और विभागों में नियुक्ति दी जाएगी। इनमें रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग समेत अन्य विभाग शामिल हैं

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment