|

ठियोग में कार से चिट्टा बरामद, दो युवक गिरफ्तार

Himgiri Samachar:
शिमला, 29 अक्टूबर। शिमला जिले के ठियोग उपमण्डल में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फागू कंट्रोल रूम के पास एक कार से करीब 9 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने कार में सवार ठियोग क्षेत्र के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन वर्मा (27) और निखिल ठाकुर (26) के रूप में हुई है।


पुलिस के अनुसार गुरुवार को गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना ठियोग की डिटेक्शन सेल टीम ने फागू कंट्रोल रूम के पास खड़ी एक कार की तलाशी ली। इस दौरान कार में बैठे दोनों युवकों के कब्जे से करीब 9 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।


इस मामले में पुलिस थाना ठियोग में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। धारा 21 मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों और धारा 29 ऐसे अपराधों में उकसाने या आपराधिक साजिश से संबंधित है।


पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में नशे की बरामदगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment