|

शिमला की चांशल घाटी में ताजा हिमपात, जनजातीय क्षेत्रों में पारा शून्य से नीचे, चार जिलों में अलर्ट

Himgiri Samachar:
शिमला, 29 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश में मौसम के बदले मिजाज के बीच ऊंचे पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। शिमला जिले के रोहड़ू की प्रसिद्ध चांशल घाटी और चांशल पास में भी हिमपात हुआ है। किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने से ठंड बढ़ गई है। राजधानी शिमला में सुबह अंधड़ के साथ हल्की बारिश हुई और दिनभर बादल छाए रहे। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घण्टों के दौरान शिमला, सिरमौर, मंडी और कांगड़ा जिला में आंधी व गरज के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। आगामी दो नवम्बर तक ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है।


चांशल घाटी शिमला जिला के रोहड़ू क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हैं। चांशल घाटी का सड़क मार्ग रोहड़ू को डोडरा-क्वार से जोड़ता है। यहां ताजा हिमपात से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सर्दी का असर बढ़ गया है। अक्टूबर के आखिरी दिनों में पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान गिरने से ठंड का अहसास तेज हो गया है।


लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। ताबो में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस रहा। कुकुमसेरी में कड़ाके की ठंड के कारण प्राकृतिक जलस्रोतों का पानी जमना शुरू हो गया है। किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री और शिमला जिले के कुफरी में 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


अन्य स्थानों में भुंतर में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री, मनाली में 9.9 डिग्री, सोलन में 10.0 डिग्री, शिमला में 11.0 डिग्री, ऊना में 11.0 डिग्री, सुंदरनगर में 10.9 डिग्री, बिलासपुर में 12.5 डिग्री और मंडी में 12.0 डिग्री सेल्सियस रहा। पालमपुर में 11.5 डिग्री, कांगड़ा में 12.6 डिग्री, धर्मशाला में 15.2 डिग्री, नाहन में 14.6 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 14.5 डिग्री, बरठीं में 10.9 डिग्री, भरमौर में 13.0 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 16.0 डिग्री, सराहन में 16.8 डिग्री और पांवटा साहिब में 18.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। नाहन का तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री और पालमपुर का 0.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा।


मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान शिमला में 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में हल्की से मध्यम बर्फबारी का अनुमान है। इन जिलों में भी तेज हवाएं चल सकती हैं।


30 अक्टूबर को कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर में तेज हवाओं, बिजली चमकने और बारिश की आशंका जताई गई है। 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम खराब रहने और बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर 29 और 30 अक्टूबर को अधिक रह सकता है। इसके बाद भी 2 नवंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में खराब मौसम रहने का अनुमान है। तीन और चार नवंबर को मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment