|

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 से बाहर हुए बेवन जैकब्स, कवर के तौर पर कटेने क्लार्क शामिल

Himgiri Samachar:

हैमिल्टन, 17 मार्च। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले से पहले बड़ा झटका लगा है। मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज बेवन जैकब्स घुटने की चोट के कारण इस मैच से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह अनकैप्ड खिलाड़ी कटेने क्लार्क को टीम में कवर के तौर पर शामिल किया गया है।

 

23 वर्षीय जैकब्स को पहला टी20 खेलते समय माउंट माउंगानुई में फील्डिंग के दौरान बाएं घुटने में चोट लग गई थी, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। स्कैन में उनके घुटने के किनारे बोन ब्रूज़िंग (हड्डी में चोट) की पुष्टि हुई है। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने बताया कि उनकी वापसी को लेकर आगे और जांच की जाएगी।

 

वहीं 26 वर्षीय कटेने क्लार्क हाल ही में नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स की सुपर स्मैश खिताबी जीत में शानदार फॉर्म में नजर आए थे। उन्होंने टूर्नामेंट में 9 पारियों में 431 रन बनाए, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। उनका औसत 61.57 और स्ट्राइक रेट 171.71 रहा।

 

न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टी20 मुकाबला मंगलवार, 17 मार्च को हैमिल्टन में खेला जाएगा। पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका ने सात विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में बढ़त बना ली है।

 

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment