|

हिमाचल में बदला मौसम, पहाड़ों पर बर्फबारी, शिमला में सर्द हवाएं, ठंड बढ़ी

Himgiri Samachar:

शिमला, 18 फ़रवरी। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी के साथ मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। जनजातीय और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में रात से शुरू हुई हल्की बर्फबारी ने ठंड का असर बढ़ा दिया है, जबकि निचले और मध्य पर्वतीय इलाकों में बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। राजधानी शिमला सहित कई शहरों में आज सुबह से सर्द हवाओं के कारण लोगों को फिर से सर्दी का अहसास होने लगा है।

 

मौसम विभाग के अनुसार ताजा पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव आया है और ऊंचे क्षेत्रों लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हो रही है। कई स्थानों पर आसमान बादलों से घिरा है। मौसम विभाग का कहना है कि आज कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा या बर्फबारी की संभावना बनी रह सकती है, जबकि 19 से 22 फरवरी तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। इसके बाद 23 फरवरी को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ऊंचे क्षेत्रों में फिर हल्की बर्फबारी और कुछ स्थानों पर वर्षा की संभावना जताई गई है।

 

मौसम के इस बदलाव का असर तापमान पर भी दिखने लगा है। पिछले कुछ दिनों से लगातार धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा था, लेकिन अब बादल छाने और हवाएं तेज होने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। खासकर ऊंचाई वाले जनजातीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है।

 

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक रात का तापमान कम बना रह सकता है, जबकि दिन का तापमान धीरे-धीरे सामान्य स्तर के आसपास रहने की संभावना है।

 

प्रदेश के विभिन्न शहरों में दर्ज न्यूनतम तापमान के अनुसार कई स्थानों पर सर्दी का असर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। शिमला में आज न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुंदरनगर में 9.9 डिग्री, भुंतर में 9.2 डिग्री, धर्मशाला में 9.4 डिग्री, ऊना में 9.0 डिग्री, नाहन में 9.5 डिग्री, पालमपुर में 10.0 डिग्री और सोलन में 6.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। मनाली में यह 5.4 डिग्री, कांगड़ा में 10.5 डिग्री, मंडी में 9.7 डिग्री, बिलासपुर में 10.5 डिग्री और जुब्बड़हट्टी में 9.4 डिग्री दर्ज किया गया। ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड ज्यादा रही, जहां कुकुमसेरी में तापमान माइनस 5.9 डिग्री और ताबो में माइनस 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

RELATED NEWS

0 Comments

leave a comment